SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की युवाओं से अपील, ‘सिगरेट, गुटखा...

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की युवाओं से अपील, ‘सिगरेट, गुटखा और शराब छोड़ें, स्वस्थ जीवन अपनाएं’

0
4

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रदेश के युवाओं से सिगरेट, गुटखा और शराब का सेवन छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहें और अपने अनमोल जीवन को स्वस्थ एवं बेहतर बनाने पर ध्यान दें।

बुधवार को पटना में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित ‘जांच एवं उपचार- चिकित्सा आपके द्वार’ राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह अभियान 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जाएगी और उनका हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों तथा फैटी लिवर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अभियान के बारे में आईएएनएस से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि आज हमने गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच के लिए राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत हम 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की जांच और इलाज करेंगे। हमने कुल 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा है। यदि किसी व्यक्ति में डायबिटीज, हाइपरटेंशन, थायरॉयड, कैंसर या लिवर-किडनी से जुड़ी किसी बीमारी के लक्षण पाए जाते हैं, तो उसकी जांच की जाएगी। जिन मरीजों में बीमारी के लक्षण चिन्हित होंगे, उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, उन्हें चिकित्सीय परामर्श और निशुल्क दवाएं भी दी जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अभियान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कई आधुनिक उपकरण भी खरीदे गए हैं। उन्होंने राज्य के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की। यह अभियान 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में सहभागी बनें और सिगरेट, गुटखा तथा शराब का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को कीमती जीवन की अहमियत समझनी चाहिए और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।