SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘कुछ दिनों तक मछली खाने में सावधानी बरतें’, नेपाल में आई त्रासदी...

‘कुछ दिनों तक मछली खाने में सावधानी बरतें’, नेपाल में आई त्रासदी के बाद बिहार सरकार की लोगों से अपील

0
7

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में आई बाढ़ और भारी तबाही के बीच बिहार की नदियों में असामान्य और विशाल आकार की मछलियां बहकर पहुंचने की खबरों को लेकर राज्य सरकार ने लोगों से कुछ दिनों तक मछली का सेवन नहीं करने या सावधानी बरतने की अपील की है। सरकार की ओर से लोगों को सतर्क रहने और ऐसी मछलियों का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।

बिहार के मंत्री नंदकिशोर राम ने नेपाल में आई बाढ़ के बाद नदियों के रास्ते बिहार पहुंच रही विशालकाय और असामान्य मछलियों को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

आईएएनएस से बातचीत में मंत्री ने कहा कि संपूर्ण बिहारवासियों से आपके माध्यम से भी नम्रता के साथ निवेदन है कि थोड़े दिनों तक मछली न खाएं। विभाग इस मामले पर लगा हुआ है। इस बार उन्होंने ऐसी मछलियां देखी हैं, जिन्हें पहले कभी नहीं देखा गया था। उन्होंने बताया कि इनका रंग-रूप स्थानीय स्तर पर पाई जाने वाली मछलियों से अलग है।

उन्होंने एक मछली का उदाहरण देते हुए कहा कि उसका रंग हाथी की चमड़ी जैसा दिखाई दे रहा था। सरकार और संबंधित विभाग ने एहतियात के तौर पर कुछ दिनों तक इन मछलियों का सेवन नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से इस संबंध में गाइडलाइंस भी जारी की गई है।

मंत्री ने आशंका जताई कि यदि इन मछलियों के सेवन से किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या सामने आती है तो सरकार इनके सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला कर सकती है।

उन्होंने संभावित लक्षणों का जिक्र करते हुए कहा कि मछली खाने के बाद चक्कर आना, उल्टी, पेट में दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि विभाग इस मामले की जांच कर रहा है।

चंपारण में नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि जलस्तर बढ़ा है, हालांकि बीच में इसमें कमी भी आई थी। सरकार पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार पूरी तरह सचेत है। हम लोगों ने आग्रह किया था कि जो लोग निचले इलाकों में हैं, वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

मंत्री ने बिहारवासियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में जलस्तर बढ़ रहा है तो वे समय रहते अपने लिए सुरक्षित स्थान तलाश लें। सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और जरूरत के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।