अयोध्या, 4 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर दिए गए बयान पर अयोध्या के संत समाज ने खुलकर समर्थन जताया है। महंत डॉ. देवेशाचार्य जी महाराज ने सीएम योगी के बयान को प्रशंसनीय बताते हुए कहा कि अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में भी दिव्य और भव्य कृष्ण मंदिर का निर्माण होगा।
महंत देवेशाचार्य जी महाराज ने कहा, “हजारों वर्षों से षड्यंत्रकारियों ने सनातन को मिटाने का प्रयास किया, चाहे वो मुगल काल रहा हो, चाहे वो ब्रिटिशकाल रहा हो लेकिन सनातन का कोई बाल बांका नहीं कर सकता। क्योंकि सनातन ही पुरातन है।”
उन्होंने कहा कि आदिकाल की परंपरा ही सनातन है और यही एक ऐसी परंपरा है जो ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की कामना करती है। उन्होंने कहा, “सभी समाज को, सभी मजहब को, सभी पंथ को, सभी जाति को एक साथ लेकर चलने की अगर क्षमता किसी में है तो सनातन धर्म में है। यही कारण है कि इतने विधर्मियों ने सनातन को मिटाने का प्रयास किया और आज तक बाल बांका नहीं कर सके।”
मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर महंत ने कहा, “भगवान कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में निश्चित रूप से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी संत समाज, सभी सनातन धर्मावलंबी कूच करेंगे और दिव्य और भव्य राम मंदिर जैसा कृष्ण जन्मभूमि बना करके सनातनियों की आस्था को समर्पित करेंगे।”
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज द्वारा मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण की मांग पर भी महंत देवेशाचार्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि महाराज जी का स्वास्थ्य फिलहाल प्रतिकूल है, इसी कारण वे मथुरा नहीं जा पा रहे हैं। शरीर से भले ही वह यहां हैं लेकिन उनकी अंतरात्मा मथुरा में भगवान कृष्ण के ही पावन चरणों में है।
महंत देवेशाचार्य ने कहा कि नृत्य गोपाल दास जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द राम मंदिर जैसे भव्य और दिव्य भगवान कृष्ण की जन्मभूमि भी बनाकर आस्थावान श्रद्धालुओं को समर्पित की जाए। उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से पूज्य महाराज की वाणी व्यर्थ नहीं जा सकती है। हमको लगता है अगले जन्माष्टमी पर हम लोग दिव्य और भव्य मंदिर में ही भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाएंगे।”
वहीं, फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा दिए गए बयान के बाद जारी विवाद पर महंत डॉ. देवेशाचार्य जी महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वरा भास्कर पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को अनुचित बताया।
उन्होंने कहा, “स्वरा भास्कर ने फिल्मों में भी विवादित रोल निभाएं हैं और उसमें अभद्र शब्दों का प्रयोग किया है। स्वरा भास्कर की विचारधारा सनातन का अपमान करने वाली है और उनसे इसी तरह के व्यवहार की उम्मीद की जा सकती है।”
उन्होंने कहा, “वह जौहर करने वाली देवियों की क्या बात करेंगी। उनके मुंह से जौहर शब्द शोभा नहीं देता है। जौहर वीरांगनाओं की शोभा रही है।”
