SGSU Advertisement
Home Student & Youth एमपीएससी के चीफ इस्तीफा दें, नहीं तो पुणे में विरोध प्रदर्शन करेंगे:...

एमपीएससी के चीफ इस्तीफा दें, नहीं तो पुणे में विरोध प्रदर्शन करेंगे: रोहित पवार

0
4

पुणे, 5 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) पेपर लीक पर सवाल उठाए। उन्होंने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि एमपीएससी पेपर लीक से प्रभावित छात्र उस खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) पेपर के बारे में बात कर रहे हैं, जो लीक हुआ था और अब यह साबित भी हो चुका है।

रोहित पवार ने कहा कि छात्र यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या गारंटी है कि पहले हुए या बाद में होने वाले पेपर लीक नहीं होंगे? इसलिए छात्र एमपीएससी के अध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे हैं, जिन पर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। छात्रों की मांग है कि सबसे पहले उन्हें उस पद से हटाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एमपीएससी में पेपर चेकिंग और पेपर सेटिंग से लेकर पूरी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। एमपीएससी में कई ऐसे अधिकारी हैं, जो पिछले 8 से 10 वर्षों से काम कर रहे हैं। अगर नियमों और कानूनों को देखें तो उन्हें एमपीएससी में काम नहीं करना चाहिए, क्योंकि एक ही पद पर तीन वर्ष से ज्यादा समय तक रहने पर रोक है, इसलिए सरकार द्वारा इन सभी बातों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि छात्र चाहते हैं कि एमपीएससी का अध्यक्ष कोई अच्छा और अच्छी छवि वाला व्यक्ति हो और एमपीएससी की पूरी व्यवस्था सही ढंग से चले। अध्यक्ष के बदलने और पूरी व्यवस्था की पारदर्शी और सुरक्षित होने के बाद ही एमपीएससी को सभी पेपर आयोजित करने चाहिए, तभी छात्र एमपीएससी पर भरोसा कर पाएंगे।

रोहित पवार ने कहा कि छात्रों की मांग है कि अगर एमपीएससी के अध्यक्ष को तुरंत यानी 2-3 दिनों के भीतर नहीं हटाया गया, तो वे पुणे शहर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। दो दिन पहले अमरावती में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ था। पुणे में होने वाला विरोध प्रदर्शन अमरावती के प्रदर्शन से लगभग 5 से 6 गुना बड़ा होगा, इसलिए हम सरकार और एमपीएससी के मौजूदा प्रेसिडेंट से अनुरोध करते हैं कि वे इस्तीफा दें और किसी नए व्यक्ति को आने दें।