SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गढ़चिरौली के आत्मसमर्पित माओवादी और युवाओं ने दिल्ली में रेला नृत्य से...

गढ़चिरौली के आत्मसमर्पित माओवादी और युवाओं ने दिल्ली में रेला नृत्य से दिखाई आदिवासी संस्कृति की झलक

0
6

गढ़चिरौली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। गढ़चिरौली जिले में माओवादी गतिविधियां अब समाप्ति की ओर हैं। जिले के दुर्गम और अतिदुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले युवक-युवतियों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गढ़चिरौली पुलिस दल द्वारा ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ के तहत विभिन्न उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी पहल के अंतर्गत जिले की आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक कला, लोक परंपराओं और प्रकृति से जुड़े जीवन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

दिल्ली में 4 और 5 सितंबर को आयोजित 9वें नॉर्थ-ईस्ट स्टूडेंट फेस्टिवल में गढ़चिरौली जिले के आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों और युवक-युवतियों समेत कुल 18 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतिभागियों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ गढ़चिरौली की विशिष्ट पहचान माने जाने वाले रेला नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक गढ़चिरौली एम. रमेश के मार्गदर्शन में जिले के 4 आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों तथा अनुप डांस ग्रुप के 14 युवक-युवतियों को दिल्ली में आयोजित महोत्सव में भाग लेने के लिए भेजा गया था। महोत्सव में गढ़चिरौली की आदिवासी संस्कृति की विशेष पहचान रखने वाले रेला नृत्य का पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ शानदार प्रदर्शन किया गया।

आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों और युवक-युवतियों द्वारा प्रस्तुत इस पारंपरिक नृत्य को महोत्सव में उपस्थित लोगों की ओर से उत्स्फूर्त प्रतिक्रिया मिली। राष्ट्रीय मंच पर रेला नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से गढ़चिरौली की आदिवासी संस्कृति के साथ-साथ शांति, एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी दिया गया।

हिंसा और माओवादी विचारधारा का त्याग कर आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी सदस्यों को गढ़चिरौली पुलिस दल द्वारा शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेलकूद तथा सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में लाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुनर्वास प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों को पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 9वें नॉर्थ-ईस्ट स्टूडेंट फेस्टिवल में सहभागी होने का अवसर मिला। इस सहभागिता से उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिली है। साथ ही उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिला और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने की नई दिशा भी प्राप्त हुई है।

दिल्ली में आयोजित इस महोत्सव में गढ़चिरौली के युवक-युवतियों और आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों की सहभागिता के लिए पुलिस अधीक्षक गढ़चिरौली एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. और अपर पुलिस अधीक्षक, अहेरी हर्षवर्धन बी. जे. ने प्रतिभागियों का अभिनंदन एवं कौतुक किया।

इस महोत्सव में गढ़चिरौली के युवक-युवतियों तथा आत्मसमर्पित माओवादी सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नागरिक कार्रवाई शाखा के प्रभारी अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक चंद्रकांत शेलके तथा पुलिस कर्मचारियों ने अथक परिश्रम किया।