SGSU Advertisement
Home खेल साउथ अफ्रीका ने जीती ट्राई सीरीज, फाइनल मुकाबले में जिम्बाब्वे को 48...

साउथ अफ्रीका ने जीती ट्राई सीरीज, फाइनल मुकाबले में जिम्बाब्वे को 48 रनों से हराया

0
6

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने फाइनल मुकाबले में जिम्बाब्वे को 48 रनों से हराते हुए ट्राई सीरीज को अपने नाम किया। साउथ अफ्रीका से मिले 206 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम 18 ओवर में 157 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। बेन करन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। ब्रायन बेनेट 5 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए। पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले इनोसेंट काइया 11 गेंदों में सिर्फ 9 रन ही बना सके। वहीं, वेस्ले मधेवेरे का बल्ला भी खामोश रहा और वह 5 गेंदों में 6 रन ही बना सके। कप्तान सिकंदर रजा 18 गेंदों का सामना करने के बाद महज 16 रन ही बना सके। रयान बर्ल 10 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद ब्योर्न फोर्टुइन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी 3 रन ही बना पाए। न्यूमैन न्याम्हुरी भी सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गेंदबाजी में 2 विकेट चटकाने वाले ब्रैड इवांस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 31 गेंदों में 56 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और चार छक्के लगाए। हालांकि, वह इसके बावजूद टीम को जीत नहीं दिला सके। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में डुआन जानसेन ने 38 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान फोर्टुइन भी तीन विकेट चटकाने में सफल रहे। ईथन बॉश ने 2 विकेट अपने नाम किए।

खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को कॉनर एस्टरहुइजेन और जॉर्डन हरमन ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.5 ओवर में 84 रन जोड़े। एस्टरहुइजेन ने 23 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। वहीं, हरमन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 29 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया।

डेवाल्ड ब्रेविस भी अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने 2 चौके और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। टोनी डी जोर्जी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 11 गेंदों में 17 रन बनाकर सिकंदर रजा का शिकार बने। रुबिन हरमन ने 16 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।

डुआन जानसेन 14 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ईथन बॉश 7 रन बनाकर नॉटआउट रहे। 20 ओवर में साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए। जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में न्यूमैन न्याम्हुरी और ब्रैड इवांस ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, सिकंदर रजा ने एक विकेट झटका।