SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय स्कूल में घुसकर छात्रों पर दबंगों का हमला, सीसीटीवी में कैद हुई...

स्कूल में घुसकर छात्रों पर दबंगों का हमला, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट

0
6

ग्रेटर नोएडा, 7 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव स्थित एमसी गोपीचंद इंटर स्कूल में छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक दबंग स्कूल परिसर में घुस आए और 12वीं कक्षा के छात्रों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। स्कूल के अंदर हुई मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद घायल छात्रों और उनके परिजनों में नाराजगी है।

मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद सूरजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आपसी कहासुनी और एक-दूसरे पर कमेंट करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कुछ युवक स्कूल परिसर में पहुंच गए।

आरोप है कि स्कूल के अंदर ही छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। अचानक हुए हमले से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों को चोटें आईं और वे घायल हो गए। मारपीट की यह घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कुछ युवकों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है।

घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद सूरजपुर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत आपसी कहासुनी और कमेंट करने को लेकर हुई थी। हालांकि, स्कूल परिसर में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।