SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय नेपाल बाढ़ को लेकर नुवाकोट प्रशासन ने भारत का जताया आभार, कहा-...

नेपाल बाढ़ को लेकर नुवाकोट प्रशासन ने भारत का जताया आभार, कहा- संकट में पड़ोसी का साथ मिलना बड़ी बात

0
9

नुवाकोट, 7 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मची भारी तबाही के बीच भारत द्वारा भेजी गई राहत सामग्री पर नुवाकोट जिला प्रशासन कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी होमनाथ दहल ने आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पड़ोसी देश का साथ मिलना बहुत अहम है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है और प्रशासन सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए राहत कार्य में जुटा है।

बाढ़ त्रासदी पर नेपाल स्थित नुवाकोट के जिला प्रशासन ऑफिस (डीएओ) के प्रशासनिक अधिकारी होमनाथ दहल ने कहा, ”आप जानते हैं कि हम सरकारी सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए राहत का सामान इकट्ठा कर रहे हैं। सरकार खुद यह कर रही है और फिर हम बहुत सारे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम खासकर जिला समन्वय समिति बिल्डिंग में राहत का सामान इकट्ठा कर रहे हैं। हम मदद भेज रहे हैं। हम वार्ड और फिर नगर निगम के स्तर की सिफारिश पर सारा राहत का सामान बांट रहे हैं।”

नेपाल बाढ़ के बाद भारत द्वारा राहत सामग्री भेजे जाने पर होमनाथ दहल ने कहा, “पड़ोसियों से इस तरह का सहयोग मिलना बहुत अच्छी बात है, जैसे आपके प्रधानमंत्री ने हमारे प्रधानमंत्री को फोन किया और सबकी सलामती की कामना की, पीड़ितों के जल्द स्वस्थ होने और नेपाल के बेहतर भविष्य की कामना की। यह बहुत अच्छी बात है और इस तरह की संकट की स्थिति में पड़ोसी देशों को ऐसा ही करना चाहिए। मैं खास तौर पर राहत सामग्री पर जोर देना चाहूंगा, हमारे कई स्कूल भवन, कई स्वास्थ्य संस्थान और कई जलविद्युत परियोजनाएं ढह गई हैं और बह गई हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आप देख सकते हैं कि हमारी कितनी ज्यादा जमीन, चरागाह बर्बाद हो गई है और जानमाल का नुकसान हुआ है। यह हिसाब लगाना बहुत मुश्किल है कि कितने लोग लापता हैं।