लखनऊ, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना, समाजवादी पार्टी के छात्र विंग के नीले ड्रेस कोड, नेपाल की त्रासदी से आई बाढ़ और लखनऊ की स्वच्छ हवा को लेकर बयान दिए है। उन्होंने सत्य निकेतन हादसे के लिए भवन मालिक की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की बात कही।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यदि भवन मालिक को पहले से पता था कि इमारत की उम्र पूरी हो चुकी है, तो उसे गिराकर नई इमारत का निर्माण कराया जाना चाहिए था। ऐसा नहीं किया गया और अब संबंधित मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भवनों की स्थिति और उनकी निर्धारित उम्र को लेकर जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के छात्र विंग द्वारा नीले रंग का ड्रेस कोड अपनाए जाने के सवाल पर राजभर ने सपा पर बहुजन समाज को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केवल नीला रंग पहनने से किसी की विचारधारा साबित नहीं होती। पिछली सरकार में बहुजन समाज की महान हस्तियों के नाम पर गरीबों के विकास के लिए बनाई गई कई योजनाओं को खत्म किया गया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और आजम खान का जिक्र करते हुए कहा कि जनता उनके कार्यकाल और उस दौरान दिए गए बयानों से परिचित है। राजभर ने दावा किया कि विपक्ष चाहे नीला, लाल या काला कोई भी रंग अपनाए, इससे राजनीतिक स्थिति नहीं बदलेगी और उनकी सरकार की वापसी नहीं होगी। जनता को एनडीए सरकार पर विश्वास है इसीलिए फिर से वही आ रही है।
नेपाल त्रासदी के बाद भारत के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर राजभर ने कहा कि सरकार राहत और बचाव कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकारी तंत्र के सभी स्तरों पर काम किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
लखनऊ के देश के सबसे साफ हवा वाले शहरों में शामिल होने पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार और जनता, दोनों की पहल का परिणाम है। उनके मुताबिक, प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी से ही शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार संभव हुआ है।
