SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय सऊदी अरब पर हूती समूह के हमले खतरनाक रूप से तनाव बढ़ाने...

सऊदी अरब पर हूती समूह के हमले खतरनाक रूप से तनाव बढ़ाने वाले : सैन्य गठबंधन

0
2

रियाद, 8 सितंबर (आईएएनएस)। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने मंगलवार को कहा कि हूती समूह की ओर से सऊदी अरब पर किए गए हमले ‘खतरनाक रूप से तनाव बढ़ाने वाले’ हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर जारी एक पोस्ट में गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूती समूह की बढ़ती सैन्य गतिविधियां और सऊदी अरब, उसकी राष्ट्रीय संपत्तियों, नागरिकों तथा वहां रहने वाले लोगों को निशाना बनाने की कोशिशें ‘आक्रामक और गैर-जिम्मेदाराना रवैये’ को दर्शाती हैं।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अल-मलिकी ने कहा कि हालिया हमलों में आभा, खमीस मुशैत, जाजान और नज्रान शहरों के नागरिक और आर्थिक महत्व वाले ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 73 नागरिक घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ये हमले सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन हैं और वहां के नागरिकों व निवासियों की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा पैदा करते हैं।

अल-मलिकी ने कहा कि गठबंधन की संयुक्त सेना कमान हूती समूह को रोकने, खतरे के स्रोतों का जवाब देने और उनके खतरे को समाप्त करने के लिए जरूरी सैन्य कदम उठाएगी।

दूसरी ओर, हूती समूह ने मंगलवार को दावा किया कि उसने सऊदी अरब में कई ठिकानों पर हमला किया है। हूती संचालित मीडिया आउटलेट ‘अंसारुल्लाह’ के अनुसार, हमलों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, किंग खालिद एयर बेस और सरकारी तेल कंपनी अरामको की अभा और जजान स्थित सुविधाएं शामिल थीं।

इससे एक दिन पहले, सोमवार को हूती समूह ने सऊदी अरब पर आरोप लगाया था कि उसने युद्ध प्रभावित यमन के कई प्रांतों में हवाई हमले और क्रूज मिसाइल हमले किए हैं। उसी दौरान सरकारी बलों और हूती लड़ाकों के बीच संघर्ष कई मोर्चों पर फैलता जा रहा था।

हूती समर्थित अल-मसीरा टीवी ने बताया, “सऊदी दुश्मन ने अल-जौफ, अल-बैदा, मारीब और ताइज प्रांतों को कई हवाई हमलों और क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया।” हालांकि रिपोर्ट में हताहतों या नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि समूह ने सोमवार को उत्तरी अल-जौफ प्रांत के खब और अश-शाअफ जिले के ऊपर एक सऊदी सीएच-4 निगरानी ड्रोन को मार गिराया।