नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र को उनकी जयंती श्रद्धांजलि अर्पित की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। भारतेंदु हरिश्चंद्र ने भाव, भाषा और शैली में नवीनता का समावेश कर हिंदी को आधुनिक स्वरूप दिया। उनकी रचनाओं में ईश्वर की भक्ति के साथ समाज-सुधार की चेतना, स्त्री-शिक्षा का समर्थन और स्वाधीनता की प्रेरणा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। भारतेंदु यह समझते थे कि किसी राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा और संस्कृति से होती है। इसलिए उन्होंने स्वभाषा को केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मसम्मान और चेतना का आधार माना।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट में कहा, “आधुनिक हिंदी साहित्य के पुरोधा, महान साहित्यकार एवं राष्ट्रचेतना के प्रखर संवाहक भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। अपने साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के माध्यम से भारतेंदु जी ने हिंदी भाषा को नई दिशा प्रदान की तथा समाज में राष्ट्रीय जागरण का अलख जगाया। उनका योगदान भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उनके प्रेरणादायी विचार और कृतित्व हमें अपनी भाषा, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के भाव के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, “आधुनिक हिंदी साहित्य के पितामह, युग प्रवर्तक साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती पर कोटिश: नमन करता हूं! आपने अपनी अद्वितीय प्रतिभा से हिंदी को वह प्रतिष्ठा दी कि एक पूरा युग आपके नाम जुड़ गया। आधुनिक हिंदी के जनक के रूप में आप सदैव स्मरणीय रहेंगे।”
कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर लिखा, “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा-ज्ञान के मिट्टी न हिय को सूल। देश और समाज के विकास में अपनी कृतियों के माध्यम से अद्वितीय योगदान देने वाले आधुनिक हिन्दी साहित्य के प्रणेता, महानतम कवि और रचनाकार भारतेन्दु हरिश्चंद्र जी की जयंती पर उन्हें सादर वंदन एवं नमन।”
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, “आधुनिक हिंदी साहित्य के पितामह, महान रचनाकार व बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री भारतेन्दु हरिश्चंद्र जी की जन्म जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। उनकी कालजयी रचनाएं युगों-युगों तक साहित्यकारों को प्रेरणा और पाठकों को ऊर्जा प्रदान करती रहेंगी।”
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने एक्स पोस्ट में कहा, “आधुनिक हिन्दी साहित्य के पितामह, युग प्रवर्तक साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती पर कोटिश: नमन।”
राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने एक्स पर लिखा, “भारतेंदु हरिश्चंद्र जी ने ‘निज भाषा को सभी उन्नति का मूल’ का मंत्र देकर देशवासियों को अपनी भाषाओं की उन्नति के लिए प्रेरित किया। उनकी कालजयी रचनाएं आज भी मानव को राह दिखा रही हैं। आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता, महान साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती पर नमन।”
