गुयाना, 10 सितंबर (आईएएनएस)। इमरान ताहिर एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी बढ़ती उम्र के साथ ऊर्जा बढ़ती जा रही है और प्रदर्शन में लगातार निखार आता जा रहा है। इस लेग स्पिनर को खेलना विपक्षी बल्लेबाजों के लिए अब भी मुश्किल हो रहा है। इमरान ने अपनी दमदार गेंदबाजी से सीपीएल में अपनी टीम अमेजन वॉरियर्स को सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाई है।
प्रोविडेंस क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। सेंट लूसिया के बल्लेबाजी के फैसले को अमेजन वॉरियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने अपनी घातक गेंदबाजी से गलत साबित कर दिया। इमरान ने 5 विकेट लिए और टी20 फॉर्मेट में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बने।
इमरान ने 4 ओवर में मात्र 17 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इस घातक गेंदबाजी की वजह से सेंट लूसिया किंग्स 18.5 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। कामिल पूरन ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि ओबस पिएनार ने 35 रन बनाए।
इमरान के अलावा, अमेजन के लिए मेहदी हसन मिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की। मिराज ने 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए। ड्वेन प्रिटोरियस और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 विकेट मिला।
120 रन का लक्ष्य अमेजन वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाकर हासिल कर लिया और मैच 4 विकेट से जीता। पारी की शुरुआत करने आए ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। 40 गेंदों की अपनी पारी ने फिलिप्स ने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। क्वेंटिन सैम्पसन ने 11 गेंदों पर 5 छक्कों और 1 चौके की मदद से 37 रन की नाबाद पारी खेली। विकेटकीपर शाई होप ने 21 और शिमरोन हिटमायर ने 14 रन बनाए।
सेंट लूसिया के लिए कप्तान रोस्टन चेज ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए। मैथ्यू फोर्ड, महिश थिक्षाणा और चरिथ असलांका को 1-1 विकेट मिला।
इमरान ताहिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
