SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय त्योहारी सीजन से पहले महाराष्ट्र एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 4.45 करोड़ रुपए...

त्योहारी सीजन से पहले महाराष्ट्र एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 4.45 करोड़ रुपए के खाद्य पदार्थ जब्त

0
3

मुंबई, 12 सितंबर (आईएएनएस)। त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर 4.45 करोड़ रुपए मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। यह कार्रवाई एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे की निगरानी में 48 घंटे के भीतर की गई।

एफडीए के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों को लागू करने के लिए अहमदनगर (अहिल्यानगर), पुणे, नासिक और बुलढाणा समेत कई जिलों में छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया गया।

10 सितंबर को एफडीए अधिकारियों ने एमआईडीसी क्षेत्र स्थित अरिहंत कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारकर 75,356.8 किलोग्राम पाश्चुरीकृत कुकिंग बटर जब्त किया। “मधुरमा क्रीमी डिलाइट” ब्रांड के इस मक्खन की अनुमानित कीमत 3.95 करोड़ रुपए (3,95,62,320 रुपए) बताई गई है।

अधिकारियों को उत्पाद की गुणवत्ता और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन का संदेह है। अब प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

11 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर एफडीए ने पुणे के बुधवार पेठ क्षेत्र में दो वाहनों को रोका और एम/एस केबी अग्रवाल नामक फर्म का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 43.27 लाख रुपए मूल्य के पनीर, खोया और दही की खेप जब्त की गई, जिसे कर्नाटक से लाया जा रहा था।

एक वाहन की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। नाशवान डेयरी उत्पादों का परिवहन बिना तापमान निगरानी उपकरणों के किया जा रहा था। इसके अलावा खुले पॉलीथीन बैग, अस्वच्छ वाहन और बैच नंबर, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि तथा एलर्जी संबंधी जानकारी का अभाव पाया गया। एफडीए ने पुणे में कुल 69 नमूने एकत्र किए और 18,070.5 किलोग्राम खाद्य सामग्री पर कार्रवाई की।

वाहन में से 7,362.5 किलोग्राम पनीर, खोया और दही (मूल्य 17.15 लाख रुपए) जब्त कर कोल्ड स्टोरेज में रखा गया। वाहन से 6,081 किलोग्राम पनीर (मूल्य 14.55 लाख रुपए) जब्त किया गया। यह बिना उचित शीतन व्यवस्था और अनिवार्य विवरणों के परिवहन किया जा रहा था।

बुधवार पेठ स्थित केबी अग्रवाल प्रतिष्ठान से 4,627 किलोग्राम बिना लेबल वाला खोया (मूल्य 11.56 लाख रुपए) मिला। खराब होने की संभावना को देखते हुए व्यापारी की सहमति से इस स्टॉक को हडपसर में नष्ट कर दिया गया।

11 सितंबर की सुबह एफटीए की टीमों ने द्वारका क्षेत्र में गुजरात से आ रही दो निजी बसों श्री विजय और बलदेव की जांच की। इस दौरान 2,155 किलोग्राम ‘स्पेशल स्वीट बर्फी’ जब्त की गई, जिसकी कीमत 5.58 लाख रुपए आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार मिठाइयों का परिवहन अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था और संबंधित कारोबारी के पास आवश्यक लाइसेंस भी नहीं था।

मिठाई के 10 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि पूरी खेप को नष्ट कर दिया गया।

12 सितंबर को बुलढाणा जिले के नांदुरा तालुका स्थित मराठवाड़ा दूध उत्पादक संस्था का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि इकाई बिना पंजीकरण के संचालित हो रही थी।

एफडीए ने बताया कि वहां स्टेनलेस स्टील के डिब्बों का उपयोग नहीं किया जा रहा था, चिलिंग व्यवस्था और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था नहीं थी तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे।

कार्रवाई के दौरान 172 लीटर गाय और भैंस का दूध जब्त कर नष्ट किया गया, जिसकी कीमत 7,983 रुपए थी।

एफडीए ने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और गुणवत्ता से जुड़े मामलों की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में राज्यभर में निरीक्षण अभियान और सैंपलिंग प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा। विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।