किताक्युशु, 13 सितंबर (आईएएनएस)। जापान ने रविवार को एवीसी मेंस वॉलीबॉल एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में ईरान को 3-0 से मात देकर लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स में जगह पक्की कर ली है। इसी के साथ जापान ने अपने घरेलू मैदान पर अपना कॉन्टिनेंटल टाइटल सफलतापूर्वक बचाया।
मेजबान टीम ने किताक्युशु में शानदार खेल दिखाते हुए ईरान को 25-21, 26-24, 25-23 से हराया और अपना 12वां एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता। इस जीत से जापान को 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन कोटा भी मिल गया, जहां वे मेंस वॉलीबॉल टूर्नामेंट में जगह बनाने वाली पहली दो टीमों के तौर पर यूनाइटेड स्टेट्स के साथ शामिल होंगे।
जापान की यह हालिया कॉन्टिनेंटल जीत जाने-पहचाने प्रतिद्वंद्वी के विरुद्ध मिली। ईरान लगातार तीसरे संस्करण में एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा था। दोनों टीमें जून में नेशंस लीग में भी आमने-सामने आई थीं, जहां जापान ने पांच सेट के मुकाबले में जीत हासिल की थी।
रविवार को सीधे सेटों में मिली जीत ने जापान की लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता में उनकी बढ़त को और मजबूत किया, जिससे उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 29-18 हो गया। ताकाहाशी रैन ने जापान के सफल टाइटल डिफेंस में अहम भूमिका निभाई; उन्होंने फाइनल में 17 प्वाइंट्स बनाए और टूर्नामेंट का समापन प्रतियोगिता में सर्वाधिक 22 सर्विस एसेस के साथ किया। इसके बाद उन्हें टूर्नामेंट का ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुना गया।
यह एलए28 में जगह पक्की करने वाली दूसरी जापानी टीम बन गई है। इससे पहले, अगस्त में देश की रिदमिक जिम्नास्टिक टीम ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
टूर्नामेंट की ‘ड्रीम टीम’ में ताकाहाशी, सेटर फुकात्सु हिदेओमी और मिडिल ब्लॉकर ओनोडेरा ताइशी को शामिल किया गया। उनके साथ ईरान के अली हाजीपुर, पोरिया खानजादेह और सैयद ईसा, और रिपब्लिक ऑफ कोरिया के लिबेरो पार्क क्योंग-मिन भी इस टीम का हिस्सा बने। ओलंपिक में जापान की भागीदारी उसके नेशनल ओलंपिक कमिटी के चयन पर निर्भर करेगी।
