SGSU Advertisement
Home खेल एक या दो सीरीज से हमारी टीम की बैटिंग यूनिट की पहचान...

एक या दो सीरीज से हमारी टीम की बैटिंग यूनिट की पहचान तय नहीं होगी: अभिषेक शर्मा

0
5

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा कि टीम इंडिया अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की पहचान से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने यह बात अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में 32 गेंदों में 82 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद कही।

अभिषेक का मानना है कि एक-दो सीरीज में खराब प्रदर्शन होने से टीम का खेलने का तरीका नहीं बदलता। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम हमेशा निडर और सकारात्मक क्रिकेट खेलने पर भरोसा करती है, इसलिए कुछ खराब नतीजों के आधार पर उसकी बल्लेबाजी शैली का आकलन नहीं किया जाना चाहिए।

अभिषेक की 22 गेंदों में बनी तूफानी फिफ्टी ने भारत की सात विकेट से शानदार जीत की नींव रखी। मेजबान टीम ने 157 रनों के लक्ष्य को आसानी से 3 विकेट खोकर 13.4 ओवर में हासिल कर लिया। अभिषेक ने मैच के बाद कहा, “एक बार जब आप तय कर लेते हैं – मुझे अभी भी याद है कि दो साल पहले हमने तय किया था कि हम एक खास तरह से खेलना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम वर्ल्ड कप से पहले पूरे साल सभी टीमों पर हावी रहना चाहते थे और टीम के लिए, खासकर बल्लेबाजों के लिए चीजें बहुत अच्छी रहीं। मगर मुझे लगता है कि एक या दो सीरीज से हमारी टीम की बैटिंग यूनिट की पहचान तय नहीं होगी, क्योंकि बैटिंग यूनिट के तौर पर हम सब जिस तरह से सोचते हैं, उससे हमेशा टीम को प्राथमिकता मिलती है। इसलिए हम हमेशा ओपनर के तौर पर अच्छी शुरुआत देना चाहते थे, खासकर ऐसी पिचों पर। अगर आप 150-160 रनों का पीछा कर रहे हैं और ओपनर के तौर पर अच्छी शुरुआत देते हैं, तो इससे आप हमेशा जीत की स्थिति में आ जाते हैं।”

बल्ले से अहम योगदान देने के साथ-साथ अभिषेक ने फील्डिंग में भी कमाल दिखाया। उन्होंने पहले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर स्लिप में एक शानदार कैच लपककर रहमानुल्लाह गुरबाज को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। उन्होंने कहा, “मतलब, पहले ही ओवर में कैच लेना, वो भी स्लिप में, आपको थोड़ा और कॉन्फिडेंस देता है। तो आज हमने पारी की शुरुआत इसी तरह की। इसलिए मैं इससे बहुत खुश हूं।”

बुमराह की गेंदबाजी के दौरान फील्डिंग करने के अनुभव के बारे में बताते हुए अभिषेक ने माना कि स्लिप में खड़े होने या प्रैक्टिस के दौरान भी इस बेहतरीन तेज गेंदबाज का सामना करने के लिए पूरी तरह से सतर्क रहने की जरूरत होती है। “टी20 क्रिकेट में भी ऐसा हो सकता है। मेरा मतलब है कि जब हम नेट्स में भी उनका सामना करते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे हम उनके खिलाफ टेस्ट क्रिकेट के शुरुआती कुछ ओवर खेल रहे हों। इसलिए यह हमेशा बहुत बड़ी बात होती है – स्लिप्स में भी हम उनके लिए हमेशा सतर्क रहते हैं।”