दुबई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने श्रीलंका को फाइनल में हारकर विमेंस एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। हालांकि, टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं ली। मगर मैच के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया और नकवी साथ में नजर आए।
नकवी से हुई मुलाकात के बारे में देवजीत सैकिया ने ‘आईएएनएस’ को बताया, “ऐसा नहीं है कि हम किसी से मिलेंगे नहीं। टॉस से लेकर मैच खत्म होने तक मैं बाहर रॉयल बॉक्स की सीटों पर बैठा रहा। वहां बैठने के बाद, मैं पूरे मैच के दौरान उसी जगह पर बना रहा। मैच के दौरान जो भी आया, मुझसे मिला; कोई मेरे बगल में बैठा, फिर राजीव शुक्ला आए और मेरे साथ बैठे। जिस व्यक्ति (मोहसिन नकवी) का आपने जिक्र किया, वह भी आए और डिप्टी चेयरमैन खालिद साहब के बगल में बैठे। यह एक सामान्य परंपरा है, जब भी कोई आता है, हम सभी से मिलते हैं और बातचीत करते हैं।”
बीसीसीआई सचिव ने बताया ट्रॉफी विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया, पर वो कोशिश सफल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा, “ट्रॉफी विवाद का हमने हल निकालने की कोशिश की थी, लेकिन हमारी कोशिश नाकाम रही। हालांकि, इसका हमें कोई खेद नहीं है, क्योंकि हमारा मकसद यह नहीं था कि ट्रॉफी कौन देगा, हमारा मकसद मैच को आसानी से जीतना था और भारतीय टीम ऐसा करने में सफल रही।”
भारतीय टीम का प्रदर्शन फाइनल मुकाबले में शानदार रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 183 रन लगाए। टीम की तरफ से शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, स्मृति मंधाना ने 39 गेंदों में 59 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर ऑलआउट हुई। गेंदबाजी में भारत की तरफ से श्री चरणी ने 4 और दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए।
