SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मॉस्को के साथ ‘संयुक्त सहयोग’ बढ़ाएगा उत्तर कोर‍िया, किम जोंग ने रूस...

मॉस्को के साथ ‘संयुक्त सहयोग’ बढ़ाएगा उत्तर कोर‍िया, किम जोंग ने रूस से संबंध मजबूत करने का किया वादा

0
6

सोल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भेजे एक संदेश में कहा है कि उनका देश मॉस्को के साथ ‘संयुक्त सहयोग’ को और बढ़ाएगा तथा उसे और गहरा करेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच सैन्य और आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम जोंग-उन ने 9 सितंबर को उत्तर कोरिया की स्थापना की 78वीं वर्षगांठ के मौके पर पुतिन की ओर से भेजे गए बधाई संदेश के जवाब में उन्हें धन्यवाद दिया।

पत्र में कहा गया कि उत्तर कोरिया की इच्छा पूरी तरह स्पष्ट और मजबूत है कि वह रूस के साथ अपने संयुक्त सहयोग को हर क्षेत्र में और आगे बढ़ाए। यह सहयोग दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती, पड़ोसी संबंधों, आपसी मदद और मजबूत गठबंधन पर आधारित है।

हालांकि किम ने यह साफ नहीं किया कि ‘संयुक्त सहयोग’ से उनका क्या मतलब है, लेकिन माना जा रहा है कि यह उत्तर कोरिया और रूस के बीच बढ़ते सैन्य और आर्थिक सहयोग की ओर इशारा करता है।

केसीएनए के अनुसार, किम ने कहा कि दोनों देश कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भी अपने गठबंधन के इतिहास का एक नया अध्याय लिख रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस को अपना अटल समर्थन जारी रखने का भी भरोसा दिया।

जून 2024 में राष्ट्रपति पुतिन की प्योंगयांग यात्रा के दौरान उत्तर कोरिया और रूस ने एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी संधि पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के तहत अगर किसी एक देश पर हमला होता है, तो दूसरा देश बिना देरी के सैन्य सहायता प्रदान करेगा।

यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद के लिए उत्तर कोरिया पहले ही हजारों सैनिक और पारंपरिक हथियार भेज चुका है।

इसी बीच, इस महीने की शुरुआत में उत्तर कोरिया और रूस ने तुमेन नदी पर बने एक नए सड़क पुल को भी खोल दिया। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने इसे दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को ‘नई ऊर्जा’ देने वाला महत्वपूर्ण ढांचा बताया।

पुल के उद्घाटन समारोह का आयोजन उत्तर कोरिया के रासोन और रूस के खासन में किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर कोरिया के प्रधानमंत्री पाकथे-सोंग और रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।

इस पुल का निर्माण अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था। इसकी योजना जून 2024 में प्योंगयांग में हुई किम जोंग-उन और व्लादिमीर पुतिन की शिखर बैठक के बाद बनाई गई थी।

केसीएनए के मुताबिक, यह पुल विभिन्न प्रकार के वाहनों और लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा। साथ ही यह दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने, लोगों के आदान-प्रदान, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

प्रधानमंत्री पाकथे-सोंग ने इस पुल को दोनों देशों की दोस्ती का ‘नया प्रतीक’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे द्विपक्षीय सहयोग को नई गति मिलेगी।

रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते अब तक के सबसे ऊंचे स्तर की व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक पहुंच चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि रूस भविष्य में भी दोनों देशों के संबंधों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूरी कोशिश करता रहेगा।

केसीएनए के अनुसार, इस पुल का नाम याकोव नोविचेंको के नाम पर रखा गया है। वह सोवियत रेड आर्मी के एक अधिकारी थे, जिन्हें 1946 में उत्तर कोरिया के संस्थापक किम इल-सुंग की जान बचाने का श्रेय दिया जाता है।