SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय महीनों से पेंशन रोके जाने पर बाबूलाल मरांडी का झारखंड सरकार पर...

महीनों से पेंशन रोके जाने पर बाबूलाल मरांडी का झारखंड सरकार पर हमला, तत्काल भुगतान की मांग

0
4

रांची, 15 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड में वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के भुगतान में कथित देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच-छह महीनों से कई जरूरतमंद लोगों को पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। मरांडी ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया पेंशन का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लोगों के लिए हर महीने मिलने वाली पेंशन ही आर्थिक सहारा है। उनके अनुसार, इसी राशि से कई लोग दवाइयां खरीदते हैं, घर का राशन चलाते हैं और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कुछ सौ या एक हजार रुपए की राशि किसी संपन्न व्यक्ति के लिए छोटी हो सकती है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग व्यक्ति के लिए यही राशि बेहद महत्वपूर्ण है।

उनके मुताबिक, किसी के लिए यह दवा और इलाज का सहारा है तो किसी के लिए घर का चूल्हा जलाने का साधन। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेंशन में लंबे समय तक देरी होने से जरूरतमंद लोगों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि कई लोग दवा और भोजन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी परेशान हैं।

मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को समय पर सामाजिक सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराए। उन्होंने सरकार से वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के लंबित भुगतान की स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेने और बकाया राशि जारी करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भले ही कम हो, लेकिन जिन लोगों की आय का कोई दूसरा साधन नहीं है, उनके लिए यह आर्थिक मदद के साथ-साथ सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार भी है। हालांकि, पेंशन भुगतान में पांच-छह महीने की कथित देरी को लेकर मरांडी की ओर से किए गए दावे पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।