SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार में कहीं बाढ़ तो कहीं सुखाड़, किसानों की क्षति का आकलन...

बिहार में कहीं बाढ़ तो कहीं सुखाड़, किसानों की क्षति का आकलन जरूरी: देवेश चंद्र ठाकुर

0
4

पटना, 16 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पहुंचने पर जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने इसे सरकार की सजगता का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में एक तरफ कई इलाके बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हैं। वहीं, दूसरी ओर उत्तर बिहार के कई क्षेत्रों में सुखाड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सरकार को दोनों परिस्थितियों का आकलन कर किसानों और प्रभावित लोगों को होने वाली क्षति का जायजा लेना चाहिए।

देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए शिवराज सिंह का बिहार आना अच्छी बात है। इससे सरकार की संवेदनशीलता और सजगता दिखाई देती है। बिहार में स्थिति हर क्षेत्र में एक जैसी नहीं है। कहीं बाढ़ है तो कहीं बारिश की कमी के कारण सुखाड़ की स्थिति है। उत्तर बिहार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां कई इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। दक्षिण बिहार में बारिश हुई है, लेकिन उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में सुखाड़ जैसी स्थिति है। ऐसे में केवल बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि जहां बारिश की कमी के कारण किसानों को नुकसान हुआ है, वहां की स्थिति को भी देखा जाना चाहिए। संबंधित इलाकों में किसानों और आम लोगों को हुई क्षति का भी जायजा लिया जाए तो यह उपयोगी होगा।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने और जवाब नहीं मिलने के आरोप पर भी देवेश चंद्र ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को इंतजार करना चाहिए और प्रधानमंत्री की ओर से जवाब आ जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी काफी व्यस्त रहते हैं और संभव है कि प्रधानमंत्री कार्यालय में भी इस समय काफी काम चल रहा हो। पत्र का जवाब निश्चित रूप से आएगा। प्रधानमंत्री बाढ़ समेत ऐसे मामलों को लेकर काफी सचेत रहते हैं और प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी परिस्थितियों पर सरकार की नजर रहती है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर कि 2029 से पहले एनडीए शासित सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी, देवेश चंद्र ठाकुर ने जदयू के रुख को लेकर कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और पार्टी नेतृत्व जो निर्णय करेगा, वे उसके साथ रहेंगे। इस मुद्दे पर पार्टी की ओर से जो भी फैसला होगा, उसी के अनुरूप आगे की स्थिति तय होगी।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी देवेश चंद्र ठाकुर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक काम किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश में लोकप्रिय नेता हैं और उनके जन्मदिन पर लोग अपनी भावनाएं अलग-अलग तरीके से व्यक्त कर रहे हैं। सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जाना अच्छी बात है और इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लोगों की ओर से अपनी भावना व्यक्त करना स्वाभाविक है और सेवा संकल्प जैसे अभियान इसी भावना को सामने लाते हैं।