SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय प्रधानमंत्री मोदी महान नेताओं में से एक, उनकी वैश्विक पहचान इसका उदाहरण...

प्रधानमंत्री मोदी महान नेताओं में से एक, उनकी वैश्विक पहचान इसका उदाहरण : अर्जेंटीना के राजदूत कॉसिनो

0
6

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री गुरुवार को 76 साल के हो गए। दुनिया भर से उन्हें विशेष दिवस की बधाई मिल रही है। इस बीच, भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने भी शुभकामनाएं देते हुए उन्हें दुनिया के महान नेताओं में से एक बताया है। आईएएनएस से विशेष बातचीत में उन्होंने नई दिल्ली- ब्यूनस आयर्स संबंधों को अहम माना और पीएम मोदी के शासनकाल को सफलतम करार दिया।

प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, ” पीएम मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई। अर्जेंटीना की सरकार और वहां की जनता की ओर से, हम भारत सरकार के लिए सफलता और प्रगति की इस यात्रा को जारी रखने की कामना करते हैं। साथ ही हम भारत के सभी लोगों और भारतीय गणराज्य (जो आबादी के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा देश है) को उन सफलताओं के लिए बधाई देते हैं जो आपने (भारत ने) हासिल की हैं और आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।”

कॉसिनो के अनुसार प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन में लंबा कार्यकाल भी प्रशंसनीय है। राजदूत के अनुसार, “उनके (पीएम) पास बहुत अनुभव है। वे एक चौथाई सदी से सत्ता में हैं। पहले गुजरात राज्य में स्थानीय स्तर पर और पिछले 12 या 13 वर्षों से केंद्र में हैं, इसलिए मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री आज दुनिया के महान नेताओं में से एक हैं, और उनकी वैश्विक पहचान इसका उदाहरण है। इस क्षेत्र में आपको बहुत अच्छी सफलताएं मिली हैं। अपने देश की ओर से कहूं तो हम उनके पिछले साल अर्जेंटीना दौरे के लिए बहुत आभारी हैं।”

उस यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “57 वर्षों में यह पहली बार था जब कोई प्रधानमंत्री द्विपक्षीय यात्रा पर अर्जेंटीना गया था। इसलिए हम इससे बहुत खुश हैं और इस रिश्ते को और आगे बढ़ाने की संभावना को लेकर भी उत्साहित हैं, क्योंकि यह रिश्ता भारत और अर्जेंटीना, दोनों के लिए ही बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है।”

भारत-अर्जेंटीना के संबंधों पर उन्होंने कहा, दोनों देशों के रिश्ते बहुत ही सकारात्मक दौर में हैं। हम इतने आगे बढ़ रहे हैं कि आज अर्जेंटीना का भारत पांचवां या छठा सबसे बड़ा साझेदार बन गया है। यह साल के किस महीने की बात हो रही है, उस पर निर्भर करता है। लेकिन यह रिश्ता दोनों देशों के आपसी लाभ के आधार पर बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ये दोनों देश लोकतंत्र और मानवीय गरिमा के सम्मान जैसे साझा मूल्यों को मानते हैं, और पिछले 10 वर्षों में दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों में भी समानता देखी गई है।