SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘आप’ की नवगठित पीएसी की पहली बैठक, पंजाब, गोवा और गुजरात चुनाव...

‘आप’ की नवगठित पीएसी की पहली बैठक, पंजाब, गोवा और गुजरात चुनाव की रणनीति पर मंथन

0
4

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की गुरुवार को पहली बैठक हुई। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में उनके आवास पर आयोजित बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत पीएसी के अन्य सदस्य शामिल हुए।

बैठक में आगामी पंजाब, गोवा और गुजरात विधानसभा चुनावों की तैयारियों और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने बताया कि पीएसी की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि बैठक की शुरुआत राजस्थान के बारां में आम आदमी पार्टी को मिली जीत से हुई। सिसोदिया के मुताबिक, बारां के नतीजे से यह संकेत मिलता है कि जनता राजनीतिक विकल्प तलाश रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और उनके साथ राजस्थान के बारां में रोड शो करेगी।

मनीष सिसोदिया ने बताया कि बैठक में पंजाब के साथ-साथ गोवा और गुजरात में होने वाले चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उनके अनुसार, पंजाब में संगठन मजबूत तरीके से काम कर रहा है और पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

सिसोदिया ने दावा किया कि पंजाब की जनता मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज से खुश है और उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।

उन्होंने कहा कि गोवा और गुजरात में भी लोग बदलाव की तलाश में हैं। सिसोदिया के मुताबिक, बैठक में इस बात पर मंथन किया गया कि इन राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक काम को चुनावी सफलता में किस तरह बदला जाए। पीएसी बैठक में यूपीआई से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में यूपीआई से जुड़े ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, जिनका बोझ आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने यूपीआई लेनदेन पर संभावित शुल्क को लेकर सवाल उठाए और कहा कि पार्टी इस मुद्दे को संगठन के स्तर पर उठाएगी।

सिसोदिया ने दावा किया कि प्रस्तावित व्यवस्था से अमेरिकी कंपनियों को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के पैसे से चलने वाली डिजिटल भुगतान व्यवस्था का बोझ भी आम लोगों पर डालने की तैयारी कर रही है। हालांकि, ये सभी दावे सिसोदिया और आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए गए आरोप हैं।

बैठक में दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनाए गए थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ घरों में 50 से 100 तक वोट जोड़ दिए गए थे।

सिसोदिया ने कहा कि बाद में हुई एसआईआर प्रक्रिया के दौरान ऐसे कई मतदाताओं के नाम हटाए गए। उनका दावा है कि चुनाव से ठीक पहले जो वोट जोड़े गए थे, उनमें से करीब 40 प्रतिशत वोट एसआईआर के दौरान फर्जी पाए गए। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने की मांग की।

पंजाब चुनाव की तैयारियों को सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भगवंत मान सरकार के कामकाज को लेकर पार्टी की ओर से सकारात्मक दावा किया और कहा कि पंजाब की जनता मौजूदा सरकार को दोबारा मौका देना चाहती है। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी कई आरोप लगाए और कहा कि पंजाब की जनता पुराने दौर को वापस नहीं देखना चाहती।

सिसोदिया ने दावा किया कि पुरानी पार्टियों के सत्ता में लौटने पर नशे, भ्रष्टाचार और रोजगार से जुड़े पुराने मुद्दे फिर सामने आ सकते हैं।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की नेशनल काउंसिल की बैठक के बाद नेशनल एग्जीक्यूटिव की बैठक में नई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया गया था। इसमें अरविंद केजरीवाल को संयोजक बनाया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत कुछ नए सदस्यों को भी कमेटी में शामिल किया गया है। नई पीएसी की पहली बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।