नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 221 रन बनाए।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 142 रन जोड़े। अभिषेक बेहतरीन लय में नजर आए और उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, संजू सैमसन एंकर की भूमिका निभाते दिखाई दिए। अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम ने 100 रनों का आंकड़ा सिर्फ 6 ओवर में छू लिया।
अर्धशतक पूरा करने के बाद भी अभिषेक ने अपनी तूफानी बैटिंग जारी रखी और सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरा किया। अभिषेक फुल मेंबर देशों की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 34 गेंदों की अपनी इस पारी में 317 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 108 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए। वहीं, संजू सैमसन ने 35 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। नंबर तीन पर प्रमोट किए गए तिलक वर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 2 रन रन बनाकर आउट हुए।
शिवम दुबे भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान श्रेयस अय्यर बड़े शॉट्स लगाने के लिए संघर्ष करते नजर आए और वह 20 गेंदों में 29 रन बनाकर रनआउट हुए। वहीं, ईशान किशन 10 रन बनाकर रनआउट हुए। नीतीश कुमार रेड्डी का बल्ला भी खामोश रहा और वह एक रन ही बना सके। अक्षर पटेल 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में अजमतुल्लाह उमरजई ने 27 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। वहीं, राशिद खान और अब्दुल्ला अहमदजई ने एक-एक विकेट निकाला। भारतीय टीम आखिरी के 10 ओवरों में 79 रन ही बना सकी और टीम ने छह विकेट भी गंवाए।
