SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय म्यांमार में आतंकी ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक को...

म्यांमार में आतंकी ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक को डिफॉल्ट बेल

0
7

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। म्यांमार में आतंकी संगठनों को हथियार और ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग देने के आरोप में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गिरफ्तार सात विदेशी नागरिकों में से एक अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने डिफॉल्ट बेल दे दी है।

राऊज एवेन्यू कोर्ट की विशेष एनआईए अदालत ने मैथ्यू वैनडाइक को एक लाख रुपये के बेल बॉन्ड और एक लाख रुपये की श्योरिटी पर जमानत दी। कोर्ट ने जमानत देते हुए निर्देश दिया कि वैनडाइक जमानत की अवधि के दौरान दिल्ली में ही रहेगा।

अदालत ने यह भी कहा कि जांच के दौरान जब भी एनआईए उसे पूछताछ या जांच के लिए बुलाएगी, उसे जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होना होगा।

अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने मामले की जांच में देरी को आधार बनाते हुए डिफॉल्ट बेल की मांग की थी। अदालत ने इस आधार को स्वीकार करते हुए उसे जमानत प्रदान की।

अदालत ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए बाकी छह यूक्रेनी नागरिक भी इसी आधार पर डिफॉल्ट बेल के हकदार हैं।

एनआईए ने इन सात विदेशी नागरिकों को म्यांमार में एक जातीय सशस्त्र समूह के संपर्क में रहने और वहां आतंकी गुटों को हथियार चलाने तथा ड्रोन संचालित करने की ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपियों ने यूरोप से ड्रोन मंगाए थे और म्यांमार में आतंकी समूहों को प्रशिक्षण दिया था।