बीजिंग, 18 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रीय उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग समेत 10 विभागों ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से ‘औषधि उद्योग विकास के लिए 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030)’ जारी की।
योजना के अनुसार, वर्ष 2030 तक चीन के बड़े औषधि उद्योग उद्यमों का परिचालन राजस्व 35 खरब युआन से अधिक हो जाएगा।
योजना में ‘15वीं पंचवर्षीय योजना’ अवधि के दौरान औषधि उद्योग के विकास के लिए कई लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। पहला लक्ष्य औद्योगिक पैमाने और लाभ से जुड़ा है। इसके तहत नवीन दवा उद्योग की विकास दर औसतन 20 फीसदी से अधिक रखने और वैश्विक स्तर पर सालाना 1 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक बिक्री वाले उत्पादों की संख्या 5 से अधिक करने का लक्ष्य है।
दूसरा लक्ष्य उद्यमों के विकास से जुड़ा है। इसके तहत 10 अरब युआन से अधिक सालाना राजस्व वाले औषधि उद्यमों की संख्या 50 तक पहुंचाने और 1 खरब युआन से अधिक के औद्योगिक उत्पादन वाले औषधि पार्कों की संख्या 20 करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, तीसरे लक्ष्य के तहत नवाचार और अनुसंधान एवं विकास पर जोर दिया गया है। योजना के अनुसार, सूचीबद्ध औषधि कंपनियों का सालाना औसत अनुसंधान एवं विकास निवेश 10 फीसदी से अधिक होगा। साथ ही, चीन में विकसित फर्स्ट-इन-क्लास नई दवाओं का वैश्विक हिस्सा 25 फीसदी से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
