SGSU Advertisement
Home खेल तीसरा टी20: बटलर का तूफानी अर्धशतक, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 8 विकेट...

तीसरा टी20: बटलर का तूफानी अर्धशतक, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदा, सीरीज में 3-0 से ‘क्लीन स्वीप’

0
13

मैनचेस्टर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए तीसरे टी20 मैच में श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 3-0 से ‘क्लीन स्वीप’ किया।

मेजबान टीम ने सीरीज का पहला मैच 119 रन से अपने नाम किया था, जिसके बाद अगले मैच को 6 विकेट से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका के पास तीसरा मैच जीतकर सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन इसमें मेहमान टीम विफल रही।

शनिवार को टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी श्रीलंकाई टीम 18.5 ओवरों में सिर्फ 124 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। पाथुम निसंका (36) ने लाहिरू उदारा के साथ पहले विकेट के लिए 13 गेंदों में 22 रन की साझेदारी की। लाहिरू 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 52 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए।

यहां से कामिंदु मेंडिस (35) ने कप्तान चरिथ असलंका (16) के साथ चौथे विकेट के लिए 31 रन, जबकि दासुन शनाका (12) के साथ पांचवें विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 107 के स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि टीम पूरे ओवरों का भी सामना नहीं कर सकी।

मेजबान खेमे से सॉनी बेकर, जोफ्रा आर्चर और विल जैक्स ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन ने 1-1 सफलता अपने नाम की।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 9.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। जोस बटलर ने एन्यूरिन डोनाल्ड के साथ पहले विकेट के लिए 15 गेंदों मे 22 रन जोड़े। डोनाल्ड 6 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 85 रन जोड़कर टीम को 107 के स्कोर तक पहुंचाया।

ब्रूक 21 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद बटलर ने टॉम बैंटन के साथ तीसरे विकेट के लिए 5 गेंदों में 19 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। श्रीलंका के लिए एकमात्र विकेट थरिंदु रत्नायके ने चटकाया।

टी20 सीरीज के बाद अब दोनों देश 22, 24 और 27 सितंबर को वनडे सीरीज के तीन मैच खेलेंगे।