SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एमपी के आगर-मालवा हादसे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने जताया दुख

एमपी के आगर-मालवा हादसे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने जताया दुख

0
3

भोपाल, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में मां बगलामुखी मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मध्य प्रदेश के आगर-मालवा में हुई दुखद दुर्घटना से मैं बेहद दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”

इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे में मृत आठ लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और कार चालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शोकाकुल परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि ओडिशा से धार्मिक यात्रा पर मध्य प्रदेश आए श्रद्धालुओं की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार तड़के करीब 3 बजे नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास हुआ। भारी बारिश के कारण उफनाए नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया गया है।

आगर-मालवा के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि दुर्घटना के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों में सात श्रद्धालु ओडिशा के निवासी थे, जबकि चालक अरुण गोयल आगर-मालवा जिले के बड़ौद का रहने वाला था। श्रद्धालुओं ने उज्जैन से कार किराये पर लेकर मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए यात्रा शुरू की थी।

अब तक जिन मृतकों की पहचान हुई है, उनमें अरुण गोयल, राधा रानी बेहरा, ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा, रीता रानी बेहरा, कृष्णा राजवीर और शिवप्रसाद बेहरा शामिल हैं।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर मृतकों के शव सम्मानपूर्वक ओडिशा लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

घटना के बाद नलखेड़ा में स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर सड़क जाम कर नारेबाजी की गई और क्षेत्र की कई दुकानें भी बंद रहीं। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।