SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी का विभाजन एक दिन होना निश्चित, राजभर का बेटा होगा पूर्वांचल...

यूपी का विभाजन एक दिन होना निश्चित, राजभर का बेटा होगा पूर्वांचल में पहला सीएम : ओम प्रकाश राजभर

0
7

अंबेडकर नगर, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। अंबेडकर नगर में आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के बंटवारे को तय बताया और दावा किया कि पूर्वांचल राज्य बनने पर पहला मुख्यमंत्री राजभर समाज से होगा। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बातचीत में उत्तर प्रदेश के विभाजन और नेतृत्व को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और इसकी विशाल आबादी को देखते हुए आज नहीं तो कल, इसका विभाजन होना निश्चित है। जिस दिन उत्तर प्रदेश चार भागों में बंटेगा, उस दिन पूर्वांचल की आबादी के आधार पर यह तय हो जाएगा कि हमारा गठबंधन जिससे भी होगा, उसमें पहला मुख्यमंत्री राजभर समाज का ही बेटा बनेगा।”

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राहुल गांधी पर महिलाओं का सम्मान न करने के आरोप का समर्थन करते हुए राजभर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर हमला बोला।

उन्होंने कहा, “उन्होंने सही कहा है कि अगर राहुल गांधी महिलाओं का सम्मान करते तो जो महिलाओं के लिए बिल आया था कि 33 प्रतिशत रिजर्वेशन महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में सीटें सुरक्षित कर दी जाएं, तो उसका विरोध नहीं करते, समर्थन में रहते। चाहे अखिलेश यादव हों, चाहे राहुल गांधी हों, ये सारे लोग महिलाओं के अधिकार के विरोधी हैं।”

अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन की अटकलों पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “वो गठबंधन नहीं करेंगे, वो भ्रम में न रहें। मुसलमानों के नेता अखिलेश यादव और राहुल यादव अपने को मानते हैं। ओवैसी तो चाह रहे हैं कि मुसलमान का बेटा मुख्यमंत्री बने। ये न तो अखिलेश यादव को पसंद है, न तो राहुल को पसंद है, तो कैसे ये लोग गठबंधन करेंगे।”

वहीं, समाजवादी पार्टी को निशाना बनाने वाले पोस्टरों का समर्थन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में अपराधियों को संरक्षण दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे अपराधियों को बढ़ावा दिया। राजभर ने कहा कि सपा की सरकार में अपराध और माफियाराज चरम पर था।