SGSU Advertisement
Home राजनीति पंजाब में शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब’...

पंजाब में शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब’ यात्रा को दिखाई हरी झंडी, पीड़ित परिवारों से मिले

0
8

बठिंडा, 21 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बठिंडा के तलवंडी साबो से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने वादा किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के छह महीने के भीतर राज्य से नशा आपूर्ति नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को तलवंडी साबो पहुंचने के बाद तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेका। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, मनप्रीत सिंह बादल और रवनीत सिंह बिट्टू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ नशा पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। गांव के लोगों ने खुलकर बोला कि पंजाब में नशा बहुत ज्यादा बिक रहा है। नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में आज नशा बहुत ज्यादा बिक रहा है। भारतीय जनता पार्टी इसको खत्म करेगी, ये लोगों में विश्वास है।

जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के छह महीने के भीतर राज्य से नशा आपूर्ति नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का सीधा संदेश है कि तस्करों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और 18 से 27 साल के युवा नशे की बलि चढ़ रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है।

वहीं, मनप्रीत बादल ने कहा कि अगर केंद्र सरकार आतंकवाद खत्म कर सकती है, तो पंजाब से नशा माफिया का भी सफाया संभव है।