नागोया, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय वुशू खिलाड़ी आर्यन और रोशिबिना देवी ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
आर्यन ने पुरुषों के 56 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के साफी शहजादा को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट रोशिबिना ने महिलाओं के 60 किग्रा 1/8 फाइनल में बांग्लादेश की शिका खातून को प्वाइंट्स के अंतर से मात देकर अंतिम-8 में जगह बनाई।
अब दोनों ही खिलाड़ी मेडल सुनिश्चित करने से बस एक कदम दूर हैं। आर्यन और रोशिबिना मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में मेडल और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगे।
दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट रोशिबिना ने 2023 हांगझोऊ गेम्स में सिल्वर और 2018 जकार्ता गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। वह 2019 काठमांडू-पोखरा साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट और 2016 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल विजेता भी रही हैं।
इससे पहले दिन में, भारत की न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। भारतीय वुशू एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन की झलक दिखाई है; रविवार को सूरज सिंह मयांगलामबम पोडियम फिनिश के करीब पहुंचे थे। सूरज पुरुषों के चांगक्वान वुशू फाइनल में 11वें स्थान पर रहे और कड़े मुकाबले में महज 0.040 पॉइंट से पोडियम पर जगह बनाने से चूक गए।
आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 21 एथलीट्स के बीच मुकाबले में सूरज ने कुल 9.683 प्वाइंट्स का स्कोर हासिल किया। भारतीय वुशू खिलाड़ी ने ‘क्वालिटी ऑफ मूवमेंट’ (ए-स्कोर) में परफेक्ट 5.00 और ‘डिग्री ऑफ डिफिकल्टी’ (सी-स्कोर) में 2.00 प्वाइंट्स हासिल किए, जिसमें कोई कटौती नहीं हुई। उन्हें ‘ओवरऑल परफॉर्मेंस’ (बी-स्कोर) में 2.683 प्वाइंट्स मिले।
मकाऊ के कुओंग ची हिन ने 9.723 प्वाइंट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उनके ही देश के ची कुआन सोंग 9.720 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सूरज का स्कोर ब्रॉन्ज मेडल के मार्क से सिर्फ 0.040 प्वाइंट्स पीछे रह गया।
