दुबई, 22 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा आईसीसी विमेंस टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में चौथे पायदान पर पहुंच गई हैं। इसके साथ भारत, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी जबरदस्त सुधार हुआ है।
शेफाली वर्मा ने एशियन गेम्स 2026 में जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन की पारी खेलने के बाद सेमीफाइनल मैच के दौरान बांग्लादेश के विरुद्ध नाबाद 100 रन बनाए थे और फाइनल मैच में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 48 रन की पारी खेली।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की कई बल्लेबाजों ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। शवल जुल्फिकार ने एशियन गेम्स 2026 में इंडोनेशिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 25 रन बनाए और फिर सेमीफाइनल में श्रीलंका के विरुद्ध 54 रन की पारी खेली, जिसके बाद वह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 29वें नंबर पर पहुंच गईं। शवल ने 558 की करियर-बेस्ट रेटिंग के साथ पहली बार टॉप 30 में जगह बनाई है।
पाकिस्तान की आयशा जफर ने श्रीलंका के खिलाफ 71 रन की पारी खेलने के बाद 31 पायदान की छलांग लगाई है। अब वह 40वें नंबर पर पहुंच गई हैं। आयशा के 489 रेटिंग प्वाइंट्स उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह टी20 ऑल-राउंडर रैंकिंग में भी नौ स्थान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर आ गई हैं।
गेंदबाजों में भारतीयों दबदबा कायम है। श्री चरणी 799 की रेटिंग के साथ ‘नंबर 1’ पर बनी हुई हैं। दीप्ति शर्मा दूसरे स्थान पर हैं और अपनी साथी खिलाड़ी से 70 प्वाइंट्स पीछे हैं। क्रांति गौड़ 15 स्थान ऊपर चढ़कर 57वें और नंदनी शर्मा 22 स्थान ऊपर चढ़कर 72वें नंबर पर पहुंच गईं।
इनके अलावा, पाकिस्तान की सादिया इकबाल एक स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गईं, जबकि कप्तान फातिमा सना पांच स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर आ गईं। बांग्लादेश की संजीदा अख्तर मेघला पांच स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों को भी जिम्बाब्वे के खिलाफ 5-0 से टी20 सीरीज जीतने का फायदा मिला।
मियाने स्मिट सबसे ज्यादा सुधार करने वाली खिलाड़ियों में से एक हैं। सीरीज के चौथे मैच में शतक लगाने के बाद वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 63 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त 53वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं।
सीरीज में सर्वाधिक 214 रन बनाने वाली एनी बॉश आठ स्थान ऊपर चढ़कर 46वें स्थान पर चढ़कर टॉप 50 में पहुंच गई हैं। एनेरी डर्कसेन ने भी ऑलराउंडर रैंकिंग में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 179 रेटिंग प्वाइंट्स हासिल किए और 22वें स्थान पर पहुंच गईं। भले ही जिम्बाब्वे ने सीरीज गंवाई, लेकिन न्याशा ग्वांजुरा चार विकेट लेने और टीम का सबसे अच्छा इकॉनमी रेट 7.41 दर्ज करने के बाद गेंदबाजी रैंकिंग में 28 स्थान ऊपर चढ़कर 87वें स्थान पर पहुंच गईं।
