बरेली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता हासिल करने के लिए ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ की राजनीति कर रहे हैं और मुसलमानों के मुद्दों पर जानबूझकर चुप्पी साधे हुए हैं।
मौलाना रजवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की सारी कोशिशें और संघर्ष 2027 में सत्ता पाने के लिए हैं। वह किसी भी तरह कुर्सी हासिल करना चाहते हैं। इसीलिए वह ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ की ओर बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि अब अखिलेश यादव मुसलमानों के मुद्दों पर बात नहीं करते, ताकि उनका ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ वाला रुख कामयाब हो सके। उनको लगता है कि मुसलमान तो समाजवादी पार्टी के बंधुआ मजदूर हैं। वे कहां जाएंगे? आखिर में वे हमारे पास ही लौटकर आएंगे। समाजवादी पार्टी की यही सोच है।”
उन्होंने अखिलेश यादव पर मुस्लिम मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा, “मगर उन्होंने जिस तरीके से मुसलमानों से दूरियां बढ़ाई हैं, वह सबके सामने है। बाबरी मस्जिद पर कभी उनका कोई बयान नहीं आया, ज्ञानवापी मस्जिद पर कोई उनका वक्तव्य नहीं है, शाही ईदगाह मस्जिद मथुरा पर कभी वो कुछ नहीं बोले, संभल की घटना पर उन्होंने खामोशी अख्तियार की, वक्फ संशोधन बिल पर बिल्कुल चुप्पी साधे रहे।”
मौलाना ने कहा, “इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिजाब पर प्रतिबंध की बात कही है। वो अपनी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली के एक प्रोग्राम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि इस्लामी लिबास, हिजाब पर हमारे देश में पाबंदी लगेगी।। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि उनको यूरोप के देश स्वीडन से भी सबक हासिल करना चाहिए।”
उन्होंने स्वीडन का उदाहरण देते हुए कहा, “वहां के प्रधानमंत्री हमेशा हिजाब के खिलाफ बोलते थे, मुसलमानों के खिलाफ बोलते थे और अभी उनका क्या हश्र हुआ। अभी जो चुनाव हुए, उसमें अपोजिशन की महिला लीडर ने हमेशा मुसलमानों के हुकूक और अधिकारों की बात की, तो मुसलमानों ने मुत्तहिद हो करके महिला अपोजिशन लीडर को कामयाब बनाया और स्वीडन के प्रधानमंत्री इलेक्शन हार गए तो ऐसे ही इस्लामोफोबिया की शिकार हैं जॉर्जिया मेलोनी, उनको सबक हासिल करना चाहिए। बहुत जल्द इटली में इलेक्शन होने वाले हैं, वहां की आवाम उनको मुंहतोड़ जवाब देगी।”
