नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारतीय महिला स्कीट टीम के लिए शानदार रहा। परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस शानदार उपलब्धि के लिए महिला स्कीट टीम को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा, “परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को एशियन गेम्स 2026 में विमेंस स्कीट टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आपके स्किल, पक्के इरादे और टीम भावना ने देश को गर्व महसूस कराया है। उम्मीद है आप भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करती रहेंगी।”
खेल मंत्री मांडविया ने एक्स पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में विमेंस स्कीट टीम इवेंट में पहला कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को बहुत-बहुत बधाई।”
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने भी पहली बार विमेंस टीम इंवेंट में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “महिला स्कीट टीम में भारत के लिए पहला पदक। एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को बधाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने भारतीय शूटिंग के लिए एक नया कीर्तिमान बनाया है। बहुत बढ़िया।”
परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने तीन दिनों के क्वालिफिकेशन राउंड के बाद क्वालिफिकेशन में कुल 331 का स्कोर किया और तीसरा स्थान हासिल किया। चीनी टीम चे यूफेई, जियान यिटिंग और जियांग चाओयू ने 347 के स्कोर के साथ स्वर्ण और कजाकिस्तान की असेम ओरिनबे, जोया पिस्कुन और एडेल सदाकबायेवा ने 336 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता।
महेश्वरी चौहान राजस्थान के सियाना की रहने वाली हैं। वह महिलाओं के स्कीट इवेंट में दक्ष हैं। राइजा ढिल्लों चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और महिलाओं के स्कीट इवेंट में माहिर हैं। परिनाज धालीवाल पंजाब के पटियाला की रहने वाली हैं। वह स्कीट महिला, स्कीट टीम और मिक्स्ड टीम स्कीट इवेंट्स की विशेषज्ञ हैं।
