चंडीगढ़, 24 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा। उन्होंने जीएमएडीए समेत कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तलाशी को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताने पर ‘आप’ की आलोचना की।
ढिल्लों ने कहा कि आप सरकार को जांच के दायरे में आए मुद्दों का जवाब राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर देना चाहिए।
उन्होंने एक बयान में कहा, “अगर छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो जांच से डरने की कोई वजह नहीं है। एजेंसी की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब प्रेस कॉन्फ्रेंस और विरोध प्रदर्शन के जरिए नहीं, बल्कि दस्तावेजों और तथ्यों के साथ दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी ने पंजाब पुलिस को एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कई बार पत्र लिखा, लेकिन राज्य सरकार ने इस पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच के दायरे में आए अधिकारी एजेंसी के सामने पेश होने से बचते रहे हैं।
ढिल्लों ने कहा, “अगर ईडी ने अब जांच अपने हाथ में ली है तो आप सरकार इस पर आपत्ति क्यों कर रही है? हर जांच को राजनीति से प्रेरित बताने से मामले से जुड़े असली सवालों का जवाब नहीं मिल जाता।”
उन्होंने कहा कि जीएमएडीए में भ्रष्टाचार का मुद्दा खुद आम आदमी पार्टी के सांसदों ने उठाया है और अब आम आदमी पार्टी अपनी कथित बेईमानी को छिपाने के लिए ड्रामा कर रही है।
ढिल्लों ने कहा कि न तो भाजपा जांच एजेंसियों का काम करती है और न ही किसी को दोषी घोषित करती है। कानून को अपना काम करने देना चाहिए, सच सामने आना चाहिए और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ढिल्लों ने मोहाली स्थित जीएमएडीए कार्यालय के बाहर आप कार्यकर्ताओं के कथित हंगामे की भी निंदा की।
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने कार्रवाई के समय और उसके तरीके पर सवाल उठाए थे। पार्टी ने कहा था कि जब राज्य सरकार पूरे पंजाब में विकास कार्यों में जुटी हुई है, ऐसे समय में इस तरह की कार्रवाई गंभीर सवाल खड़े करती है।
