SGSU Advertisement
Home राजनीति श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंघल को उनकी जयंती पर...

श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंघल को उनकी जयंती पर गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने किया नमन

0
7

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंघल को उनकी जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने नमन किया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, सादगी और धर्मनिष्ठा के प्रतीक अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। सभी सुखों का त्याग कर निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र, संस्कृति और विचारधारा के प्रति जीवन समर्पित करने का जो आदर्श अशोक सिंघल ने स्थापित किया, वह विरले ही देखने को मिलता है। आपातकाल के विरुद्ध आवाज बुलंद करने से लेकर श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को गति देने तक, उनका संघर्ष और समर्पण सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट किया, “विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अशोक सिंघल ने अपना संपूर्ण जीवन मां भारती की सेवा में समर्पित किया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर समाज जागरण तक उनका दृढ़ नेतृत्व और अटूट संकल्प राष्ट्र के पुनर्जागरण में महत्वपूर्ण रहा। उनका जीवन हमें अपनी विरासत के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने और अपने मूल्यों के प्रति दृढ़ रहने का मार्ग दिखाता रहेगा।”

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं! मातृभूमि की सेवा और धर्म की रक्षा के अप्रतिम कार्यों एवं प्रयासों के लिए आपको युगों-युगों तक स्मरण किया जाएगा। धर्म और राष्ट्र के सच्चे प्रहरी के चरणों में प्रणाम!”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रदूत, महान सनातन पुरुष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि। श्री राम मंदिर निर्माण के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने में उनका त्याग, तपस्या और अतुलनीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। राष्ट्र एवं धर्म की सेवा में समर्पित उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने एक्स पोस्ट में कहा, “श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन-जन की आस्था से जोड़ने वाले अशोक सिंघल का समूचा जीवन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र-गौरव की साधना को समर्पित रहा। उनका तप अटूट तपस्या का साक्षात रूप था, उनका त्याग निःस्वार्थ भक्ति का प्रतीक था, और उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए शाश्वत प्रेरणा-स्रोत है। ऐसे युगपुरुष, सांस्कृतिक चेतना के अमर प्रहरी, श्रद्धेय अशोक सिंघल की जयंती पर सादर नमन!”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्रहित एवं समाज जागरण के लिए समर्पित उनका संपूर्ण जीवन सेवा, साधना और संकल्प का अनुपम उदाहरण रहा। उनके विचार और कार्य सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।”