SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय रूसी हमलों के बीच यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल की सख्त जरूरत, ईयू...

रूसी हमलों के बीच यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल की सख्त जरूरत, ईयू विदेश नीति प्रमुख की सदस्य देशों से मदद की अपील

0
5

नई द‍िल्‍ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्‍लास ने यूक्रेन में लगातार जारी रूसी हमलों पर च‍िंता जताई। उन्‍होंने पैट्रियट इंटरसेप्टर अध‍िक मात्रा में रखने वाले ईयू के सदस्‍य देशों से मदद की अपील की है। उन्‍होंने कहा क‍ि रूस एक बार फिर यूक्रेन के आम नागरिकों पर हमले कर रहा है।

कल्‍लास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ल‍िखा, “सर्दियां शुरू होने से पहले यूक्रेन को और ज्यादा पैट्रियट इंटरसेप्टर की जरूरत है। हम ईयू के उन सदस्य देशों से अपील कर रहे हैं, जिनके पास ये इंटरसेप्टर अपने भंडार में मौजूद हैं, वे इन्हें यूक्रेन को दें।”

उन्‍होंने पोस्‍ट में ल‍िखा, ”सदस्य देशों ने हाल ही में इस बात पर भी सहमति बनाई है कि यूरोपियन पीस फैसिलिटी के 6.6 अरब यूरो के फंड को कैसे बांटा जाएगा। इसका मतलब है कि कम से कम एक अरब यूरो का नया फंड मिलकर रक्षा उपकरणों की खरीद के लिए उपलब्ध होगा। इससे रक्षा के क्षेत्र में ईयू के सदस्य देशों के बीच सहयोग मजबूत होगा और यूक्रेन को दी जा रही मदद भी बढ़ेगी।”

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने बताया क‍ि रव‍िवार को यूक्रेन में लंबे समय तक हवाई हमले के अलर्ट जारी रहे। एक अलर्ट तो नौ घंटे से ज्‍यादा समय तक चला। यह दिन में शुरू हुआ और रात तक जारी रहा। यूक्रेनी शहरों पर रविवार से लेकर सोमवार सुबह तक हमले जारी रहे।

सिबिहा ने कहा क‍ि इन हमलों को रोकने और लोगों की जान बचाने के लिए यूक्रेन को मजबूत एयर डिफेंस और रूस पर लगातार अंतरराष्ट्रीय दबाव की जरूरत है।

सिबिहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ल‍िखा, ”रूस के हमलों से राजधानी में दो किंडरगार्टन, दो स्कूल और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा। सऊदी अरब के राजदूत के घर के तौर पर इस्तेमाल होने वाली एक इमारत को भी नुकसान पहुंचा। कीव के अलावा, निप्रो इलाके में एक स्पोर्ट्स स्कूल और सुमी इलाके में बच्चों के एक क्षेत्रीय घर को नुकसान पहुंचा। इसके बाद, सोमवार की रात रूस ने पूरे यूक्रेन में हमलों का एक और दौर शुरू किया।”

सिबिहा ने बताया कि खार्किव में रूस के हमले से नौ मंजिला रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा। इसमें कम से कम 28 लोग घायल हुए, जिनमें नौ बच्चे भी शामिल हैं। कीव में रूस के ड्रोन हमलों से रिहायशी इमारतों, कम्युनिकेशन और आम लोगों के इस्तेमाल वाले इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा, जिससे चार और लोग घायल हो गए। कीव इलाके में दो लोगों की मौत हुई है।