SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, अखिलेश सिंह...

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, अखिलेश सिंह बोले- खतरे में लोकतंत्र और संविधान

0
6

नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने ऐलान किया कि पूरे देश में जिला स्तर पर आंदोलन कर सीईसी के इस्तीफे की मांग की जाएगी, क्योंकि मौजूदा हालात में लोकतंत्र और संविधान दोनों खतरे में हैं।

हैदराबाद में प्रदर्शन कर रहे सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी और नेता शकील अहमद खान ने सीईसी पर भाजपा के इशारे पर 13 करोड़ वोट हटाने और लोकतंत्र की हत्या करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के दावों को सही ठहराया।

कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा, “पूरे देश में हर जिला स्तर की कमेटी आंदोलन करेगी और सीईसी के इस्तीफे की मांग हो रही है। इससे तो प्रजातंत्र और संविधान खतरे में आ गए। देश में जब जम्हूरियत का कोई मतलब नहीं रहेगा, तो राजनीतिक पार्टी होने के नाते हम अपना काम करेंगे। जब चुनाव ही ठीक तरीके से नहीं होंगे, तो वहां फिर जमहूरियत का क्या मतलब रह जाएगा?”

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के ‘थप्पड़ कांड’ को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि ये तो गलत है। प्रजातंत्र में अगर कोई सवाल पूछता है, तो उसे आप थप्पड़ मारिए, लोकसभा और राज्यसभा में कोई सवाल पूछता है, तो उसका माइक बंद कर दीजिए, तो आखिर देश को आजादी क्यों मिली थी? ब्रिटिश शासन में भी महात्मा गांधी के नेतृत्व में आंदोलन होते थे। सवाल तो पूछेंगे ही। सरकार को अपना उत्तरदायित्व समझना चाहिए, जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, तभी लोकतंत्र जिंदा रहेगा।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाने से जुड़े वायरल वीडियो पर कांग्रेस सांसद ने कहा, “उन्हें खुद फैसला करना होगा। किसी को भी शर्मिंदगी में नहीं जीना चाहिए। मैं इस पर और कुछ नहीं कहूंगा।”

हैदराबाद में कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हो रहा है। एसआईआर को लेकर दो अन्य सदस्यों ने लगभग 10 महीने में ज्ञानेश कुमार के साथ 14 से ज्यादा बार बात करने की कोशिश की। ये साफ दिखाता है कि कैसे ज्ञानेश कुमार भाजपा के हाथ की कठपुतली बन गए हैं। एसआईआर के तहत 13 करोड़ वोट हटा दिए गए। हमें ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा चाहिए, और 2025 तक की वोटर लिस्ट जारी रहनी चाहिए।

कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा कि ज्ञानेश कुमार दूध के धुले नहीं हैं, बल्कि उन्होंने ‘वोट चोरी’ की और वोटरों के अधिकार की चोरी की। उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की और गलत तरीके से चुनाव करवाकर भाजपा की सरकार बनाई। अब ये पूरी दुनिया के सामने आ गया है। राहुल गांधी तीन साल से पूरी दुनिया के सामने कह रहे हैं कि जिस तरह से चुनाव आयोग काम कर रहा है और जैसे वोट को डिलीट कर फिर उसे जोड़ा जा रहा है, वो स्पष्ट है।