नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल समेत तमाम आप नेता और कार्यकर्ता सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचे और भाजपा पर तीखा हमला बोला। दिल्ली में पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आप विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और डराने-धमकाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
एक बयान में कहा गया है कि पीडब्ल्यूडी के असिस्टेंट इंजीनियर की शिकायतों के आधार पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इस घटना के संबंध में कुछ अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिन पर जांच के दौरान कार्रवाई की जाएगी।
यह एफआईआर ऐसे समय में दर्ज हुई है, जब पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक घमासान जारी है।
इससे पहले सड़क निरीक्षण के दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग का जिम्मा संभाल रहे प्रवेश वर्मा पर साहिब सिंह नाम के शख्स को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था।
घटना के बाद साहिब सिंह ने प्रवेश वर्मा के इस्तीफे और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उनका दावा था कि वह घटना के समय आप विधायक जरनैल सिंह के इंस्टाग्राम पेज पर लाइव वीडियो बना रहे थे।
साहिब सिंह के मुताबिक, वह विधायक जरनैल सिंह के साथ वहां गया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सड़क की खराब गुणवत्ता दिखाने के दौरान विवाद हुआ और प्रवेश वर्मा ने पहले उनका मोबाइल नीचे किया और फिर उन्हें थप्पड़ मार दिया।
प्रवेश वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देते हुए दावा किया था कि युवक ने उनके परिवार के सदस्यों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और उन्होंने उसी पर प्रतिक्रिया दी थी। युवक ने इस आरोप से इनकार किया था।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया। आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की ।
अब इसी घटनाक्रम के बीच पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की शिकायत पर आप विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर सरकारी काम में बाधा डालने और डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
