SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय यूपी ट्रेड शो: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए...

यूपी ट्रेड शो: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार कर रही हर संभव प्रयास: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद

0
3

नोएडा, 28 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सोमवार को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बड़े बाजार और नामी कंपनियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से आयोजित बायर-सेलर बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कंपनियों के बीच करीब 30 एमओयू किए गए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में हुए इन समझौतों का उद्देश्य महिला समूहों के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाना और उन्हें सीधे खरीदार कंपनियों से जोड़ना है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेड शो के दौरान हुए सभी एमओयू की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि समझौते केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी प्रभावी रूप से लागू हों।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब डेढ़ करोड़ बच्चों की ड्रेस तैयार कराने की व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जोड़ने की तैयारी है। इतनी बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की ड्रेस तैयार करने का काम महिला समूहों को मिलने से उनके लिए बड़े स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर पैदा होंगे।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल ‘लखपति दीदी’ तक सीमित रखने का नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ाकर ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़ रही हैं। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बायर-सेलर बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पाद कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं और बड़े खरीदारों के बीच सीधा कारोबारी संपर्क स्थापित करना था। इस दौरान महिला समूहों की सफलता की कहानियों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

प्रेरणा कैंटीन और सरस हाट के माध्यम से कारोबार में आगे बढ़ने वाली महिलाओं के अनुभव भी साझा किए गए। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मंचों से महिला समूहों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार की मांग को समझने के साथ-साथ संभावित खरीदारों से सीधे संपर्क करने का अवसर मिलता है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाएं आजीविका मिशन से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ट्रेड शो जैसे बड़े मंच उनके उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने कारोबार की सफलता की कहानियां भी साझा कीं। सिद्धार्थनगर के आजाद स्वयं सहायता समूह की सरोज देवी ने बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया था। सरकारी सहयोग से ऋण चुकाने के बाद अब उनका सालाना कारोबार करीब छह लाख रुपये तक पहुंच गया है।

इसी तरह अमरोहा की प्रियांशी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कौशल्या ने तीन लाख रुपये के ऋण से मसाला कारोबार शुरू किया। उन्होंने बताया कि उनका वार्षिक कारोबार छह लाख रुपये से अधिक हो चुका है।

नवी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की शफीका ने बताया कि उनका कारोबार अब 10 लाख रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। इन महिलाओं की सफलता को ग्रामीण क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया गया।

ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू ने कहा कि महिला समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए खरीदार कंपनियों के साथ एमओयू कराने की व्यवस्था महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को केवल उत्पाद तैयार करने तक सीमित रहने के बजाय उनके उत्पादों के लिए बाजार भी उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार, संयुक्त मिशन निदेशक प्रवीणानंद और चंद्रशेखर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।