SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय तमिलनाडु: ड्यूटी के दौरान महिला हेड कांस्टेबल की मौत, सीएम विजय ने...

तमिलनाडु: ड्यूटी के दौरान महिला हेड कांस्टेबल की मौत, सीएम विजय ने 30 लाख की सहायता का किया ऐलान

0
4

चेन्नई, 29 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में ड्यूटी के दौरान महिला हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हेड कांस्टेबल एम. कनागी (34) के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आदेश दिया है।

एम. कनागी रामनाथपुरम जिले के पार्थिबनूर पुलिस स्टेशन में महिला हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। वह 28 सितंबर को परमकुडी सरकारी अस्पताल के आउटपोस्ट पुलिस स्टेशन में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान अस्पताल में इलाज के लिए दोबारा भर्ती किए गए दो समूहों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष पहले हुई झड़प में घायल हुए थे और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों समूहों के बीच दोबारा विवाद बढ़ने पर हेड कांस्टेबल कनागी ने स्थिति को नियंत्रित करने और झगड़ा रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने लगा। उसे पकड़ने के लिए हेड कांस्टेबल ने उसका पीछा किया। पीछा करने के दौरान वह अचानक गिर पड़ीं और बेहोश होकर वहीं गिर गईं।

इसके बाद उन्हें तत्काल परमकुडी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हेड कांस्टेबल एम. कनागी के निधन पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान उनका निधन तमिलनाडु पुलिस विभाग और उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत हेड कांस्टेबल के परिवार, रिश्तेदारों और सहकर्मियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उनके परिवार को राहत के तौर पर 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आदेश भी दिया है।