भोपाल, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश अग्रवाल की घर में सोते समय गला रेत कर हुई हत्या के मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव गंभीर हैं। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस पूरे मामले की निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस महानिदेशक को सौंपी है।
दरअसल, रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश अग्रवाल का शव बुधवार की सुबह लहूलुहान हालत में उनके कमरे में मिला था और हत्या का शक केयरटेकर पर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी शोक संवेदना में कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी राकेश अग्रवाल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अग्रवाल विनम्र एवं कर्मठ अधिकारी रहे, उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पुलिस महानिदेशक को मामले की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार इस मामले में पूरी तरह संवेदनशील है। घटना के संबंध में दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बाबा महाकाल दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरज नगर में रहते थे। बुधवार की सुबह उनकी पत्नी रोज की तरह लगभग साढ़े पांच बजे उठी और मॉर्निंग वॉक पर निकल ही रही थी, तभी उन्होंने राकेश अग्रवाल के कमरे में जाकर देखा तो वह खून से लथपथ पड़े थे। उन्होंने केयरटेकर को खोजा मगर वह नजर नहीं आया। तभी उन्होंने अपने दूसरे नौकर को फोन लगाया।
नौकर और अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उनका शव खून से सना हुआ था। गले पर चोट के गहरे निशान थे। वहीं, हाथ और गले में पहने की जेवरात गायब थे, इसलिए आशंका इस बात की है कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई है। हत्या करने के बाद घर में आग लगाने की भी कोशिश की गई, ऐसी आशंका पुलिस को मौके के हालात देखकर है, क्योंकि गैस सिलेंडर का पाइप निकला हुआ मिला है और पूरे घर में गैस भरी हुई थी।
एसीपी अंकिता ने बताया है कि एक एजेंसी के जरिए अग्रवाल ने दो-तीन दिन पहले ही केयरटेकर को रखा था, और आशंका इस बात की है कि लूट के इरादे से यह हत्या की गई है, क्योंकि वह केयरटेकर मौके से फरार है। पुलिस जांच में जुटी है। बताया गया है कि अग्रवाल 1982 बैच के आईएएस अफसर थे और वे 2016 में सेवानिवृत हुए थे। उनका एक बेटा है, जो अमेरिका में रहता है।
