मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। स्कूली छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (एमएसबीएसएचएसई) ने निर्देश दिया है कि सूखे से प्रभावित 265 तालुकों के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों से परीक्षा शुल्क न लिया जाए।
राज्य के सूखाग्रस्त 265 तालुकों के छात्रों को राहत देने के लिए महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली माध्यमिक स्कूल प्रमाणपत्र (कक्षा 10वीं) और उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (कक्षा 12वीं) परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों से अगले आदेश तक परीक्षा शुल्क लिए बिना ऑनलाइन आवेदन पत्र भरवाने के निर्देश महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सभी विभागीय बोर्डों को दिए हैं।
सहायता एवं पुनर्वास विभाग के 25 सितंबर 2026 के शासन निर्णय के अनुसार, राज्य के 265 तालुकों में सूखे जैसी स्थिति बनने के कारण विशेष मामले के तौर पर छात्रों के लिए विभिन्न रियायतें लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसमें स्कूली और कॉलेज के छात्रों की ऑनलाइन परीक्षा शुल्क माफी भी शामिल है।
इस पृष्ठभूमि में राज्य बोर्ड ने फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के लिए सूखाग्रस्त तालुकों के छात्रों से परीक्षा शुल्क लिए बिना आवेदन पत्र भरवाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में आगे के विस्तृत निर्देश राज्य बोर्ड द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे और सभी विभागीय बोर्डों को अपने कार्यक्षेत्र के सूखाग्रस्त तालुकों के स्कूलों और जूनियर कॉलेजों को तुरंत सूचना देने को कहा गया है। इसके साथ ही, की गई कार्रवाई की रिपोर्ट राज्य बोर्ड को तुरंत सौंपने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (एमएसबीएसएचएसई) राज्य में कक्षा 10वीं (एसएससी) और 12वीं (एचएससी) की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने के लिए एक जिम्मेदार मुख्य स्वायत्त सरकारी निकाय है।
