SGSU Advertisement
Home राजनीति तमिलनाडु के पूर्व सीएम और ‘भारत रत्न’ के. कामराज की पुण्यतिथि पर...

तमिलनाडु के पूर्व सीएम और ‘भारत रत्न’ के. कामराज की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

0
4

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न के. कामराज की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से उनके कार्यकालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से लिखा गया, “आज तिरु के कामराज जी की पुण्यतिथि पर, मैंने उप-राष्ट्रपति भवन में उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। एक महान राजनेता और सच्चे जन-नेता के रूप में, कामराज जी ने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा और आम लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा के क्षेत्र में, विशेषकर वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों के लिए अवसर बढ़ाने में उनका क्रांतिकारी योगदान, उनके सार्वजनिक जीवन की एक अहम विरासत है। जन-कल्याण के प्रति उनका समर्पण और सार्वजनिक जीवन में उनकी निस्वार्थ भावना पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की ओर से सीएमओ ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सादा जीवन और ईमानदार प्रशासन के जरिए तमिलनाडु को तरक्की की राह पर ले जाने वाले महान नेता कामराजार की पुण्यतिथि पर, मैं उन्हें नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं! हर गांव में स्कूल खोलकर, शिक्षा में क्रांति लाने के लिए मिड-डे मील योजना शुरू करके और अनगिनत सरकारी संस्थान, बांध व सिंचाई परियोजनाएं स्थापित करके उन्होंने औद्योगिक और कृषि विकास की नींव रखी, ऐसे थे महान नेता कामराजार। आइए, निस्वार्थ जनसेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले इस कर्मवीर के अद्वितीय त्याग का सम्मान करें और उनके दिखाए सही रास्ते पर आगे बढ़ते रहें!”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “हम भारत रत्न के. कामराज को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वे भारत के महान राष्ट्र-निर्माताओं में से एक थे और अपनी सादगी, ईमानदारी तथा जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए याद किए जाते हैं। कामराज ने अपना जीवन सामाजिक न्याय और लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। मिड-डे मील योजना जैसी उनकी अग्रणी पहलों ने लाखों वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने में मदद की। समावेशी विकास, संवेदनशील शासन और राष्ट्रसेवा का उनका दृष्टिकोण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है।”

कर्नाटक कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “शिक्षा क्रांति के अग्रदूत और भारत के महानतम राजनेताओं में से एक भारत रत्न के. कामराज के ‘अक्षर दसोहा’ (शिक्षा प्रसार) के पावन अवसर पर हम उन्हें सादर नमन करते हैं।”

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “आज महान कर्मवीर थिरु कामराज की पुण्यतिथि है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सादगी, ईमानदारी और निस्वार्थ जनसेवा की मिसाल थे। शिक्षा के अत्यधिक महत्व को समझते हुए और इस नेक मकसद के साथ कि गरीब और वंचित छात्रों को भी शिक्षा मिले, स्कूली शिक्षा के विकास में उनका बहुत बड़ा और अमूल्य योगदान रहा है। बांधों और कारखानों जैसी कई विकास परियोजनाओं के जरिए, उन्होंने तमिलनाडु की बुनियादी तरक्की को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।”

डीएमके नेता के.एन. नेहरू ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आज ‘भारत रत्न’ पेरुंथलैवर कामराज की पुण्यतिथि है, जिन्होंने देश के शासन की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद अपना पूरा जीवन एक साधारण व्यक्ति के तौर पर बिताया। एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व, जिन्होंने स्कूल में भोजन उपलब्ध कराने की एक साधारण पहल के जरिए तमिलनाडु में शैक्षिक क्रांति की नींव रखी। एक महान नेता, जिन्होंने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर, लोगों की भलाई के लिए पेरारिग्नार अन्ना और मुथामिझिग्नार कलैग्नार के साथ आपसी सम्मान के साथ काम किया। आइए, आज हम कामराजार के शैक्षिक विजन को साकार करने और सामाजिक न्याय की राह पर चलते हुए तमिलनाडु को प्रगति के पथ पर ले जाने का संकल्प लें!”

कांग्रेस नेता डॉ. थाराहाई कथबर्ट ने लिखा, “महान नेता कामराज, जो एक शिक्षा-क्रांतिकारी के तौर पर पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में बसे रहेंगे और राजनीतिक ईमानदारी के ऐसे प्रतीक थे जिन्होंने तमिलनाडु में शासन का स्वर्णिम युग शुरू किया। उनकी पुण्यतिथि पर मैं श्रद्धापूर्वक नमन करती हूं और लोगों के लिए उनकी समर्पित सेवा का सम्मान करती हूं।”