SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘सत्य, अहिंसा और निर्भयता, यही बापू की सबसे बड़ी विरासत’, गांधी जयंती...

‘सत्य, अहिंसा और निर्भयता, यही बापू की सबसे बड़ी विरासत’, गांधी जयंती पर राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

0
8

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और निडरता के संदेश का जिक्र किया और कहा कि यही महात्मा गांधी की सबसे बड़ी विरासत है।

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार सुबह राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर गांधी जी की समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में शामिल हुए। उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देशभर के नेताओं और नागरिकों ने गांधी जयंती मनाई और शांति, अहिंसा व स्वच्छता के उनके संदेश को याद किया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “सत्य, अहिंसा और निर्भयता, यही बापू की सबसे बड़ी विरासत है। उन्होंने सिखाया कि अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं, सत्य और अहिंसा के साथ डटे रहना ही सच्ची ताकत है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर गांधी समाधि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के विरुद्ध सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया।”

खड़गे ने आगे लिखा, “आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। गांधी जयंती पर बापू को विनम्र नमन और सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”