लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने राज्य सरकार के खिलाफ अखिलेश यादव की टिप्पणियों और आरोपों, मायावती की पोस्ट, ‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन, असदुद्दीन ओवैसी के बयान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणियों पर अपनी बात रखी।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव के आरोपों पर संजय निषाद ने कहा, “वे बड़े नेता हैं लेकिन कचौड़ी-पकौड़ी से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। युवाओं और अपनी विचारधारा का मुद्दा होना चाहिए। ओबीसी के 27 प्रतिशत में पूरा ‘मिल्क-मैन’ का कब्जा हो गया और अन्य गायब हो गए। इन चीजों को भटकाने के लिए सभी लोगों की ओर से बयान दिए जाते हैं।”
संजय निषाद ने कहा, “2017 से पहले कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी, विकास की स्थिति क्या थी और महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए माहौल कैसा था? जनता जब मतदान करने जाती है, तो इन सब चीजों के बारे में सोचती है। उसको समझ आ जाता है कि पिछली सरकारों के वक्त कैसा माहौल था, इनके दोष भारी हो जाते हैं, इसलिए लोग इनके पक्ष में बटन नहीं दबाते हैं। भाजपा के लिए लोग समझते हैं कि यह सरकार काम कर रही है तो सुधार भी करेगी।”
मायावती की ओर से अखिलेश यादव पर निशाना साधे जाने को लेकर संजय निषाद ने कहा, “इनके ‘पीडीए’ का मतलब को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी तो हो ही गया है। इनको राज्यसभा का टिकट किसी कार्यकर्ता को देना चाहिए था। निषाद और मुसलमानों को दे देते। राज्यसभा और विधान परिषद उन लोगों को शक्ति देने का अवसर होता है, जिनके पास शक्ति न हो।”
‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन पर संजय निषाद ने कहा, “जो कांग्रेस से गठबंधन कर रहा है, उसकी हार हो रही है। दल दिखते हैं लेकिन आपस में दुखते भी हैं।”
असदुद्दीन ओवैसी की ओर से यूसीसी को लेकर दिए गए बयान पर संजय निषाद ने कहा, “वे एक धर्म को लेकर चलने वाले नेता हैं। देश धर्म से नहीं संविधान से चलता है। संवैधानिक व्यवस्था में सामान्य वर्ग, पिछड़ा और अनुसूचित के लिए व्यवस्था दी गई है। लोगों को अपने धर्म का प्रचार करने के लिए छूट दी गई है।”
पुलिसिंग को लेकर सीएम योगी के बयान पर संजय निषाद ने कहा, “पहले एक ही ट्रेनिंग सेंटर था, अब कई ट्रेनिंग सेंटर हो गए हैं। भर्ती की गई और बेहतर व्यवस्था की गई है। यही वजह है कि अब लोग सुरक्षित हैं और कानून-व्यवस्था बेहतर है। पहले से बेहतर स्थिति अब है।”
