SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता बनर्जी ने अपने शासनकाल में पुलिस और राज्य चुनाव आयोग का...

ममता बनर्जी ने अपने शासनकाल में पुलिस और राज्य चुनाव आयोग का किया था दुरुपयोग : तपस रॉय

0
5

कोलकाता, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तपस रॉय ने महात्मा गांधी जयंती, सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध, ईडी के प्रेस नोट, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को ममता बनर्जी का न्योता और ‘इंडिया’ ब्लॉक के विरोध पर प्रतिक्रिया दी है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए गांधी जयंती पर तपस रॉय ने कहा, “गांधी जयंती पूरे देश में और विधानसभा में मनाई जा रही है। इस अवसर पर हम लोगों की ओर से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।”

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर तपस रॉय ने कहा, “कांग्रेस के एक बड़े नेता का बयान है कि अगर ज्ञानेश कुमार नहीं होते तो केरल में कांग्रेस सत्ता में नहीं आती। जिन लोगों की ओर से बोला जा रहा है, उनको नहीं बोलना चाहिए क्योंकि जब कांग्रेस, टीएमसी और सीपीएम की सरकार थी तो उस वक्त क्या होता था उन लोगों को याद करना चाहिए।”

तपस रॉय ने कहा, “ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में कैसे पुलिस और राज्य चुनाव आयोग को इस्तेमाल किया था? चाहे लोकसभा, विधानसभा या निचले स्तर के जितने भी चुनाव थे, सभी में ममता बनर्जी की ओर से लूट की गई थी और आज उनकी ओर से बयान दिया जा रहा है। ज्ञानेश कुमार की वजह से बहुत लंबे वक्त के बाद बंगाल चुनाव में किसी की मौत नहीं हुई और हिंसा नहीं हुई।

ईडी के प्रेस नोट को लेकर तपस रॉय ने कहा, “ईडी का प्रेस नोट आए चाहे न आए, बीते 15 वर्षों में जो हुआ, उसकी जानकारी ममता बनर्जी को थी। ममता बनर्जी की 15 वर्षों की सरकार के दौरान जो कुछ भी हुआ, सब उनकी जानकारी में हुआ।”

अधीर रंजन चौधरी की ओर से ममता बनर्जी को लेकर दिए गए बयान पर तपस रॉय ने कहा, “अधीर रंजन चौधरी कांग्रेस के नेता हैं, वे पार्टी को सुझाव दे सकते हैं।” ‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर तपस रॉय ने कहा, “यह सुविधावाद का गठबंधन है और सब लोगों के खिलाफ आर्थिक मामले भी हैं, इसलिए सभी एक साथ हुए हैं।”