ग्रेटर नोएडा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य औद्योगिक सेक्टरों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़कों, नालियों, खाली भूखंडों और निर्माण स्थलों के आसपास जमा कूड़े और मलबे का व्यवस्थित तरीके से निस्तारण करना है।
प्राधिकरण की टीमों ने अलग-अलग औद्योगिक सेक्टरों में पहुंचकर सफाई कार्य किया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शुरू किए गए इस विशेष अभियान के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए दोनों क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।
ग्रेटर नोएडा ईस्ट की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार को दी गई है, जबकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों की मुख्य सड़कों, आंतरिक मार्गों, नालियों, निर्माण स्थलों और खाली स्थानों की विशेष रूप से सफाई कराई जा रही है। सफाई के दौरान निकलने वाले ठोस अपशिष्ट और निर्माण मलबे को अलग-अलग करने के बाद वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
प्राधिकरण का कहना है कि केवल कूड़ा उठाने तक अभियान को सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा ईस्ट क्षेत्र में इकोटेक-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन, इकोटेक-10, इकोटेक-11, इकोटेक-6, इकोटेक-7, इकोटेक-8 और उद्योग विहार (इकोटेक-2) सहित अन्य औद्योगिक सेक्टरों को अभियान में शामिल किया गया है।
वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में इकोटेक-3 और इकोटेक-12 समेत संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्राधिकरण ने साफ-सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ाने का निर्णय लिया है। अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीमें यह भी नजर रखेंगी कि औद्योगिक क्षेत्रों में दोबारा कूड़ा या निर्माण मलबा खुले में न डाला जाए। नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस स्वयं विशेष स्वच्छता अभियान की निगरानी कर रही हैं। उनका जोर इस बात पर है कि अभियान के दायरे में आने वाला कोई भी औद्योगिक सेक्टर साफ-सफाई से अछूता न रहे। एसीईओ ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता के प्रति प्राधिकरण प्रतिबद्ध है और विशेष टीमों को तैनात कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
गांधी जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए प्राधिकरण का फोकस औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण तैयार करने, कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने और नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर है। अभियान की निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती से सफाई कार्य की नियमित समीक्षा और मौके पर आने वाली समस्याओं के तत्काल समाधान पर भी जोर रहेगा।
