नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने पंजाब में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है। पंजाब में परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी गई है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने परगट सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
सचिन पायलट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ”पंजाब कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह जी को मैं बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, ”मैं आशा करता हूं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में आपके नेतृत्व में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के विचारों को आप जनता तक पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ करेंगे।”
पायलट ने कहा कि पंजाब बदलाव की राह देख रहा है और ऐसे समय में कांग्रेस को अपने संगठन को और मजबूत करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाना होगा।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के कार्यकाल की भी सराहना की।
पायलट ने कहा, ”मैं राजा वड़िंग जी को भी उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए अथक परिश्रम और योगदान के लिए धन्यवाद देता हूं।”
कांग्रेस ने पंजाब में संगठनात्मक बदलाव करते हुए परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह प्रदेश संगठन की कमान संभालेंगे।
पार्टी ने राजा वड़िंग के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान की सराहना की है। इसके साथ ही कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि पंजाब में विभिन्न चुनाव संबंधी समितियों के वर्किंग प्रेसिडेंट, चेयरपर्सन और को-चेयरपर्सन पहले की तरह अपने पदों पर बने रहेंगे।
पंजाब के साथ कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में भी प्रदेश संगठन के नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की भी सराहना की है।
इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
इन नियुक्तियों से संबंधित प्रेस रिलीज कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी की गई।
उत्तर प्रदेश और पंजाब में इन बदलावों के साथ कांग्रेस ने दोनों राज्यों में अपने प्रदेश संगठन को नया नेतृत्व सौंपा है। वहीं, पंजाब कांग्रेस की कमान मिलने के बाद परगट सिंह के सामने अब संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
