नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार के ससुर जयसुखभाई जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने बताया कि स्मित मच्छार को मारने की कोशिश की गई थी। भगवान ने उन्हें बचाया है। अभी उनकी तबीयत स्थिर है।
स्मित मच्छार के ससुर जयसुखभाई जोगी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “अभी बहुत अच्छा लग रहा है। वो अपने घर पर आए हैं और सब लोग अभिनंदन के लिए आ रहे हैं। सब मिल रहे हैं, पूछ रहे हैं। हम लोग बहुत खुश हैं।”
जयसुखभाई जोगी ने बताया कि स्मित मच्छार को चोट हाथ पर लगी है। उन्होंने कहा, “उन लोगों (को-पायलट) ने मारने की कोशिश की थी। सिर और हाथ पर मारा था। हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। शरीर पर कई जगह टांके आए हैं, लेकिन अभी तबीयत स्थिर है। ऊपर वाले (भगवान) ने बचा लिया।”
उन्होंने कहा, “अतुल भाई जाना-माना नाम है। पूरा मलाड, कांदिवली की जनता उनको अच्छे से जानती है और सब लोग उनको दिल से चाहते हैं। वो हर समय, हर जगह पर खड़े रहते हैं। इस समय भी वो हमारे साथ खड़े हैं, हमें इस बात की बहुत खुशी है।”
ससुर जयसुखभाई जोगी ने बताया कि स्मित से अभी उनकी ज्यादा बात नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा, “मेरी दामाद से, मेरी बेटी से बात हुई है। सब लोग मिलने के बाद खुश हैं। पहले सबको बहुत टेंशन थी, लेकिन जब देखा कि तबीयत ठीक है, घर पर आ गए हैं, तो सबके दिल को बहुत खुशी हुई।”
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि पूरा देश उनके साथ है। जैसा मोदी जी ने भी कहा कि पूरा देश उनके साथ है, तो अच्छा लगता है। सब लोग अपने-अपने तरीके से उनका अभिनंदन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी जी से बात करके पूरा परिवार बहुत खुश हुआ। स्मित खुद बहुत भावुक हो गए। उन्होंने बोला कि ‘मोदी जी मेरे आदर्श’ हैं। हम सबने वो वीडियो देखा, हम लोग भी बहुत खुश हुए। हम भारत सरकार, मोदी जी और पूरे मीडिया का दिल से धन्यवाद करते हैं।”
