SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में एयर ड्रॉप से पहुंचाई जा...

बिहार: सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में एयर ड्रॉप से पहुंचाई जा रही राहत सामग्री

0
6

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले में बाढ़ के कारण प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एयर ड्रॉपिंग अभियान जारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग ने गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टरों के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, सारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों द्वारा अब तक 15 उड़ानें भरी जा चुकी हैं। इन उड़ानों के माध्यम से 5,600 से अधिक ड्राई राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए गए हैं। इन पैकेटों में 28 टन से अधिक खाद्य सामग्री प्रभावित लोगों तक पहुंचाई गई है।

विभाग के मुताबिक, बाढ़ और जलजमाव के कारण कई इलाकों में सड़क मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसे में एयर ड्रॉपिंग के जरिए उन क्षेत्रों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है, जहां सामान्य आवागमन बाधित है। इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराना है। आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रभावित आबादी की आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए सड़क मार्ग के साथ-साथ वैकल्पिक माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक जल्द से जल्द आवश्यक राहत और खाद्य सामग्री पहुंचाना है। इस विशेष राहत अभियान में भारतीय वायु सेना के पायलटों और कर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस विशेष राहत अभियान में भारतीय वायु सेना की विभिन्न इकाइयों के पायलटों एवं कर्मियों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। एयर ड्रॉपिंग अभियान का संचालन ग्रुप कैप्टन अनुज गुप्ता एवं विंग कमांडर विशाल खत्री (गोरखपुर), स्क्वाड्रन लीडर रोहित दादरवाल एवं फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल कलमकर (बागडोगरा) तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट राठौड़ भरत सिंह (बागडोगरा) के नेतृत्व में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ की इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग के लिए गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायु सेना के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी तरीके से संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जरूरतों का लगातार आकलन किया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने के लिए उपलब्ध सभी प्रभावी माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा।