SGSU Advertisement
Home राजनीति एनआईए ने पाकिस्तान स्थित आतंकी गुर्गों के साथ संबध रखने के आरोप...

एनआईए ने पाकिस्तान स्थित आतंकी गुर्गों के साथ संबध रखने के आरोप में कर्नाटक से युवक को किया गिरफ्तार

0
5

बीदर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एनआईए ने कर्नाटक के बीदर जिले निवासी 24 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है, उस पर पाकिस्तान स्थित एक आतंकवादी और अन्य संदिग्ध विध्वंसक तत्वों के साथ संबंध रखने का आरोप है।

आरोपी की पहचान विशाल कुमार मेत्रे के रूप में हुई है, वह उत्तरी कर्नाटक के बीदर जिले के भालकी तालुक के यानाकुरा गांव का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, एनआईए ने एक अक्टूबर को स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया है। कहा जा रहा है कि वह पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी शहजाद भट्टी और दो अन्य लोगों (जिनकी पहचान राणा हुनैन और नोमी खान के तौर पर हुई है) के संपर्क में रहा है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि विशाल पाकिस्तानी लोगों के साथ मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क में रहा। केंद्रीय जांच एजेंसियां दिसंबर 2025 से ही उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

बीदर के एसपी प्रदीप गुंती ने कहा कि अदालत की कार्यवाही अभी चल रही है। कार्यवाही पूरी होने के बाद, गिरफ्तारी और मामले से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि विशाल ग्रेजुएट है और कथित तौर पर कुछ समय से पाकिस्तान में मौजूद ऑपरेटिव्स के संपर्क में था।

खबरों के मुताबिक, विशाल के लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस भी जांच में शामिल हो गई और जांच के हिस्से के तौर पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।

आरोपी पर ‘गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम’ (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। चिंचोली पुलिस ने कथित आतंकी संबंधों के मामले में केस दर्ज किया है और जांच में केंद्रीय एजेंसी की मदद कर रही है।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब केंद्रीय और राज्य एजेंसियां ​​कर्नाटक के लोगों और पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के बीच संदिग्ध संबंधों की गहन जांच कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आतंकी तत्वों से कथित संबंधों के मामलों में कर्नाटक में पिछले 15 दिनों में यह तीसरी गिरफ्तारी है।

जांच एजेंसियां​ बातचीत की जांच कर रही हैं, साथ ही यह भी पता लगा रही हैं कि क्या संदिग्ध ऑपरेटिव्स के साथ संपर्क बनाए रखने के अलावा आरोपी की कोई और भूमिका थी। मामले की जांच जारी है और अदालत की कार्यवाही तथा आरोपी से पूछताछ के बाद और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

इसके अलावा हाल ही में, उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) और कलबुर्गी पुलिस ने अगस्त 2026 में कर्नाटक के कलबुर्गी में उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो लोगों को पाकिस्तान-स्थित संगठनों और आईएसआईएस से कथित संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम मोहम्मद समीर (23) और सलमान हैं।

आरोप है कि दोनों आरोपी व्हाट्सऐप और फेसबुक के जरिए पाकिस्तान और इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) से जुड़े व्यक्तियों के साथ नियमित संपर्क में थे।

जांचकर्ताओं ने संदिग्धों के उपकरणों से संवेदनशील डिजिटल फुटप्रिंट, नक्शे और भड़काऊ वीडियो बरामद किए हैं।